पेंट की दुकान में भीषण आग, दो मासूम सहित 7 की मौत

May 18 2020

ग्वालियर। सोमवार की सुबह ग्वालियर के रोशनी घर इलाके में स्थित एक पेंट की दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है और देखते ही देखते आग की चपेट में दुकान में रखे पूरे पेंट के डिब्बे आ गए। पेंट वैसे ही अत्यंत ज्वलनशील होता है, इसलिए दमकल दस्तों से मौके पर पहुंचने से पहले दुकान में सिर्फ लपटें और चारों तरफ दमघोंटू काले धुएं का गुबार नजर आ रहा था। जिस दुकान में नीचे आग लगी उसमें ऊपरी मंजिल पर दो परिवार रहते हैं और ऐसे में दमकल दस्तों के साथ-साथ पुलिस के सामने दोहरी चुनौती थी कि पहले आग बुझाएं या फिर ऊपरी मंजिल में फंसे लोगों को आग की चपेट में आने से बचाएं। जब तक राहत दल के जवान ऊपरी मंजिल पर पहुंचे तब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी थी। बाद में पांच और लोगों की मौत हो गई।                  
जिस दुकान में आग लगी, वह हरिओम गोयल की बताई गई है। ग्राउंड लोर पर यह दुकान है और ऊपर की मंजिल पर इनका पूरा परिवार रहता है। दुकान के बाजू में से ही ऊपर जाने का रास्ता था और यही एकमात्र रास्ता था जहां से ऊपर या नीचे आ सकते थे पर यह रास्ता भी आग की लपटों से घिरा हुआ था, इसलिए ना तो किसी को इस रास्ते से ऊपर जाने का मौका मिला ना ही इस रास्ते से कोई जान बचाकर बाहर आ सका।                    
पलक झपकते ही दुकान खाक और घुटने लगा दम
आग कितनी तेजी से फैली, इसका खुलासा इसी से होता है कि आसपास के लोग भी जब तक बचाव के लिए अपने घरों से बाहर आ पाते, पेंट की दुकान से खतरनाक लपटें बाहर निकलने लगी थीं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल दस्ते द्वारा फेंका जा रहा पानी भी उनको नहीं बुझा पा रहा था और देखते ही देखते पूरे इलाके का वातावरण पेंट की आग और काले घने धुएं के कारण दम घोंटू हो गया। इस कारण भी दमकल दस्तों को आगे बढऩे में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आसपास के लोगों को भी इस दमघोंटू हवा के बीच खड़े होना मुश्किल हो गया।                   
आवाज से पहले मौत ऊपरी मंजिल पर जा खड़ी हुई
लॉकडाउन में पेंट की दुकानों को खोलने की इजाजत है। आज भी लालू पेंट नाम की यह दुकान खुली। सुबह दस बजे का वक्त रहा होगा, तभी दुकान में शॉर्ट सर्किट का धमाका हुआ और जब तक दुकान में मौजूद लोग या ऊपरी मंजिल में रह रहे लोग कुछ समझ पाते, पेंट की दुकान आग की चपेट में आ चुकी थी। दुकान में मौजूद लोग सड़क पर आ खड़े हुए और ऊपर रह रहे लोगों को आवाज लगा रहे थे कि जल्द से जल्द बाहर निकल आओ पर आवाज ऊपर पहुंच पाती, इससे पहले मौत के रूप में आग ऊपरी मंजिल पर जा खड़ी हुई और वहां लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरु कर दिया। नीचे खड़े लोग असहाय थे और ऊपर फंसे लोग आग से बचने के लिए छटपटा रहे थे।
  जिसे जहां जगह मिली वहां से घुसा 
 पेंट हाउस में से आग का गुबार उठ रहा था और ऊपर रहने वाले परिवार के सदस्य अपनी जान बचाने के लिए कमरों में इधर-उधर दौड़ लगाते रहे और चीख-पुकार करते रहे। आग लगने की खबर मिलते ही दमकल की एक के बाद एक कई गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं। इस दौरान पुलिस के जवानों और फायर ब्रिगेडकर्मियों ने आग में फंसे लोगों को बचाने के लिए मशक्कत करनी शुरू कर दी, जिसे जहां से जगह मिल रही थी वह वहीं से अंदर घुसकर लोगों को बचाने में जुट गया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में आग में फंसे लोगों की जलकर मौत हो गई।
सोमवार की सुबह 10.10 पर इंदरगंज थाने के सामने मेसर्स पीओपी हाउस में आग का गुबार उठने लगा। आग की लपटें उठते ही भगदड़ मच गई और दमकल दस्ते को सूचना दी गई। दमकल दस्ता मौके पर पहुंचता उससे पहले कलर से भरा ड्रम फट गया और आग चारों तरफ फैल गई। आग लगते ही मकान में फंसे लोगों में चीख पुकार शुरू हो गई, लेकिन आग की लपटें होने के कारण कोई भी अंदर नहीं जा पा रहा था और जो लोग बचाने के लिए अंदर पहुंचे उनका दम घुटने लगा तो बाहर आ गए। आग लगने की खबर मिलने के बाद फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। सुबह 10 बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी  और पुलिस अफसर भी राहत कार्य में जुटे रहे।