मौसम तेजी से बदलेगा करवट

May 16 2020

ग्वालियर। मौसम का मिजाज यदि इसी तरह से ठंडा-गर्म होता रहा तो फिर शहर में मानसून गड़बड़ा सकता है। मौसम विभाग ने इस तरह के संकेत दिए हैं। इसके साथ ही शहर में एक बार फिर से मौसम तेजी से करवट बदलेगा। यह भी मौसम के जानकार बता रहे हैं। बीते सात दिन में तेज गर्मी और फिर आंधी बरसात से अचानक मौसम में बदलाव हो जाता है, अबमौसम विभाग ने नया अपडेट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्वी क्षेत्र और उससे सटे अरब सागर पर हल्के दबाव का एक क्षेत्र बन रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में अंचल में धूल भरी आंधी चल सकती है और कहीं-कहीं बूंदाबांदी के साथ तेज गर्जना और बारिश की भी संभावना जताई गई है।             
मौसम विभाग की मानें तो ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि इस चक्रवात के प्रभाव से आज 17 मई तक भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ तेज हवा चलने का भी अनुमान है। मौसम के जानकारों के मुताबिक पूर्वानुमान के मद्देनजर, बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र गुरुवार रात ही बनना शुरु हो गया था जो आज सुबह से तेजी पकड़ रहा है। इसके अलावा मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज व कल 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की र तार से हवाएं चल सकती हैं जो बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कभी भी बदल सकता है मौसम भले ही शहर में सुबह से धूप खिली हो, लेकिन मौसम कभी भी करवट ले सकता है। बदलाव के रूप में आसमान पर हल्के बादलों ने अपना स्थान बनाना शुरु कर दिया है, जो मौका मिलते ही लामबंदी कर सकते हैं। पश्चिमी विक्षोभ ते चलते फिजा में समाई नमी के चलते शहर का तापमान भी स्थिर है। इससे मई में भी गर्मी अपना प्रभाव नहीं दिखा पा रही।
अंचल में लगातार अव्यवस्थित मौसम इस बार मानसून को भी प्रभावित कर सकता है। मौसम के जानकारों का मानना है कि यदि यह माह ठीक से नहीं तपा और वाष्पीकरण नहीं हुआ तो फिर हवा का दबाव न बनने से बादल नहीं रुकेंगे जो बरसात को प्रभावित करेंगे। वहीं जिस तरह से हर कुछ घंटे बाद मौसम बदल जाता है उससे नौतपा ठंडा पड़ जाएगा।