दाल बाजार में लगे बाउंसर ग्राहकों के साथ हुई झड़प

May 13 2020

ग्वालियर। दाल बाजार में व्यापार करने वाले व्यापारियों के यहां ग्राहकों की भीड़ को नियंत्रण करने के लिए दाल बाजार एसोसिएशन ने बाउंसरों का सहारा लिया है। यह बाउंसर हाथ में लठ्ठ लेकर बाजार में घूम रहे हैं और ग्राहकों को हड़का रहे हैं। सुबह बाउंसरों और ग्राहकों के बीच विवाद भी हो रहा है तो कई कारोबारी इन बाउंसरों के पक्ष में नजर नहीं आए। कारोबारियों का कहना है कि व्यापार करने के लिए बाउंसरों का सहारा लेना गलत है, इसकी जगह सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जा सकता है। पुलिस व्यवस्था संभाल रही है तो फिर बाउंसरों की क्या जरूरत है। दाल बाजार में थोक कारोबारियों को कारोबार करने की अनुमति दी गई है लेकिन यहां हालात कई दिनों से बिगड़े हुए हैं। लोडिंग वाहनों के करण दाल बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है और शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं हो पा रहा है। इसे लेकर दाल बाजार समिति ने प्रयास किए लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके तो बाउंसरों का सहारा ले लिया। बुधवार सुबह से ही दाल बाजार के मुहानों पर बाउंसर तैनात हैं और बाजार में भी लठ्ठ लेकर घूम रहे हैं। व्यापार समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि ग्राहकों और व्यापारियों को परेशानी न हो और जाम न लगे इसके लिए 6 बाउंसर लगाए गए हैं।               
 पुलिस अफसरों ने हटाए वाहन
दाल बाजार में दुकानों के शटर खुलने से पहले लोडिंग वाहन चालकों ने दुकानों के बाहर अपने वाहनों को खड़ा कर दिया और जैसे ही कारोबार शुरू हुआ तो जाम की स्थिति बन गई। इंदरगंज थाना प्रभारी पंकज त्यागी, कोतवाली थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना सहित दोनों का बल जाम को खुलवाने के लिए मशक्कत कर रहा है। पुलिस ने दुकानों के बाहर खाली खड़े लोडिंग वाहनों को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
पुलिस ने किए चालान
आज सुबह कई कारोबारी बिना मास्क लगाए ही कारोबार कर रहे थे तो कुछ खेरिज की दुकानें खुली थीं जिस पर इंदरगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला।