श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से वापस लौटे मजदूर

May 12 2020

ग्वालियर। लॉकडाउन के चलते कर्नाटक व गुजरात के अलग-अलग शहरों में फंसे अंचल के तेरह सौ प्रवासी मजदूर दो श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से ग्वालियर पहुंचे। ग्वालियर पहुंचे मजदूरों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि लॉकडाउन के चलते काम बंद होने के कारण परिवार सहित भूखा रहने को मजबूर ही नहीं थे, बल्कि साइड पर काम बंद होने के कारण एक महीने से अधिक समय सड़क किनारे परिवार के साथ फुटपाथ पर रहकर गुजारा।
घर वापसी से खुश दिख रहे कई मजदूरों ने ट्रेन से उतरते ही प्लेटफार्म को स्पर्श किया। लौटे प्रवासी मजदूरों को स्टेशन पर ही जांच के बाद उनके कस्बों के लिए बसों से पुलिस सुरक्षा के बीच रवाना करा दिया गया। मंगलवार की सुबह पहली ट्रेन सुबह छह बजकर तीस मिनट पर कर्नाटक के अलग-अलग शहरों में फंसे प्रवासी मजदूरों को परिवार सहित लेकर ग्वालियर पहुंची।
श्रमिक स्पेशल ट्रेन से पहुंचे इन श्रमिकों को प्लेटफार्म नंबर एक पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए बनाए गए गोले में खड़ा कर प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित वीआईपी व जनरल गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग के लिए पहुंचाया गया। इन दोनों निकास द्वारों के पोर्च में मौजूद डॉक्टरों की टीम ने शरीर का तापमान जांचकर उन्हें क्लियरेंस दिया।
जांच में सभी मजूदर व उनके परिवारों के लोग स्वस्थ मिले। इसके बाद सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी बसों से इन मजदूरों को उनके कस्बों के लिए रवाना कर दिया गया।
दूसरी श्रमिक स्पेशल ट्रेन गुजरात के अलग-अलग शहरों में लॉकडाउन के चलते अंचल के फंसे 800 से अधिक श्रमिकों को उनके परिवार के साथ लेकर आगरा के रास्ते मंगलवार को ग्वालियर सुबह साढ़े दस बजे पहुंची। इस श्रमिक स्पेशल से पहुंचे प्रवासी मजदूरों की जांच करने के बाद प्रशासन ने नाश्ते व ओआरएस घोल व पानी की बोतल वितरित कर इन्हें भी उनके कस्बों के लिए रवाना करा दिया। मजदूरों को उनके संबंधित कस्बों में पहुंचाने के लिए स्थानीय प्रशासन ने अस्सी बसों को ग्वालियर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी करा दी गई थीं।