मास्क न पहनने पर मुर्गा बनाया

May 09 2020

ग्वालियर। बिना मास्क के निकलने वालों की शनिवार उस समय शामत आ गई जब पुलिस कप्तान नवनीत भसीन ने रोककर मुर्गा बनवाया और उठक बैठक लगवाई। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस कप्तान हर रोज दल-बल के साथ शहर भ्रमण कर रहे हैं और जो दुकानें समय के बाद खुली हैं उन पर कार्रवाई की जा रही है।   पुलिस कप्तान ने सभी थाना प्रभारियों और चेकिंग प्वाइंटों को आदेश दिया है कि सुबह 9 बजे के बाद जो लोग सड़कों पर बेवजह घूमते नजर आ रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। कप्तान के फरमान के बाद सड़कों पर खड़ी पुलिस वाहनों ने रोककर चालानी कार्रवाई करने में जुट गई है। इस दौरान दुपहिया वाहन पर 2-3 लोग सवार थे उन पर डंडे भी बरसाए जा रहे हैं। पुलिस कप्तान ने शनिवार को हजीरा क्षेत्र में भ्रमण किया। इस दौरान आधा दर्जन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए। इस दौरान पुलिस कप्तान ने कई लोगों को मुर्गा बनवाया और हिदायत दी कि समय रहते दुकान बंद नहीं की तो कार्रवाई की जाएगी। 
गलियों में भी पहुंचे पुलिसकर्मी
सड़कों पर निकल कर घूम रहे लोगों को देखकर कप्तान ने नाराजगी जताई, इसके बाद शहर भर में पुलिस एक्शन में आ गई और कुछ ही देर में सभी सड़के पुलिस का एक्शन देखते हुए खाली नजर आने लगी। सड़कों पर लोगों की आवाजाही रोकने के बाद पुलिस अफसर गलियों में पहुंचे और यहां पर खड़े युवकों को खदेड़ दिया। इसके बाद सड़कों के साथ ही गलियां भी सुनसान हो गई। पुलिस अफसरों द्वारा वाहन चालकों को रोककर पूछताछ की जा रही हैऔर जो लोग कारण नहीं बता पा रहे हैं उनका चालान किया जा रहा है। इस दौरान कई वाहन चालकों ने पुलिस अफसरों से मिन्नत की तो कुछ लोगों ने फोन लगाकर अपना रसूख दिखाना चाहा लेकिन पुलिस ने इनकी एक नहीं सुनी और रेडक्रास की पर्ची काटकर थमा दी।