मजदूरों को लेकर 'श्रमिक स्पेशल' ट्रेन ग्वालियर पहुंची

May 08 2020

ग्वालियर। लुधियाना में फंसे अंचल के बारह सौ प्रवासी मजदूर सहित एक सौ एक बच्चे शुक्रवार को परिवार के साथ सुबह साढ़े पांच बजे ग्वालियर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचे। ट्रेन से उतरे सैकड़ों मजदूरों ने सबसे पहले जमीन को चूमा और अपने घर पहुंचने का अहसास किया। स्टेशन पर
तैनात आरपीएफ व जीआरपी के जवानों ने दो-दो कोचों से मजदूरों को सुरक्षा घेरा बनाकर उतारा गया। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद मजदूरों को सर्कु लेटिंग एरिया में खड़ी बसों में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना करा दिया गया।
डेढ़ महीने से पंजाब के लुधियाना में अंचल व प्रदेश के अन्य जिलों के दिहाड़ी मजदूर अपने परिवार के साथ लॉकडाउन में फंसे हुए थे। काम बंद होने के कारण ये दिहाड़ी मजदूर सड़कों पर परिजनों के साथ रहने को विवश थे। प्रदेश सरकार के अनुरोध पर पंजाब सरकार ने लुधियाना में फंसे इन मजदूरों की सूची तैयार कर शुक्रवार को लुधियाना से श्रमिक स्पेशल ट्रेन को ग्वालियर के लिए रवाना किया। शुक्रवार सुबह ग्वालियर पहुंचे इन सभी मजदूरों व उनके परिजनों की स्टेशन के एंट्रेस गेट पर मौजूद डॉक्टरों द्वारा थर्मल स्क्रीनिंग जांच के बाद आरपीएफ व जीआरपी के जवानों की निगरानी में सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी बसों तक पहुंचा गया। स्टेशन पर पहुंचे श्रमिकों को प्लेटफार्म से बाहर निकालने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन किया गया। प्लेटफार्म पर बनाए गए गोलों में ही इन श्रमिकों को खड़ा किया गया था। 
लुधियाना में ही दिया था खाना, पानी
इस श्रमिक स्पेशल ट्रेन की चौबीस बोगियों में सवार सभी श्रमिकों को ट्रेन के लुधियाना स्टेशन से छूटने से पहले ही एक-एक मजदूर की पड़ताल करने के बाद उनकी सीटों पर पहुंचकर आरआरसीटीसी ने खाने में पुलाव व एक पांच सौ एमएल पानी की बोतल दी। चूंकि रात का सफर होने के कारण ट्रेन में सवार इन श्रमिकों को ट्रेन के ग्वालियर पहुंचने पर ही चाय व एक बिस्किट का पैकेट दिया गया।
ट्रेन के आने से पहले स्टेशन को किया लॉक
ग्वालियर आने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन से पहले ही आरपीएफ व जीआरपी के जवानों ने स्टेशन के सभी एक्जिट गेटों पर सुरक्षा पहरा कड़ा कर दिया था। ट्रेन के आने से पहले ही प्लेटफार्म नंबर एक व चार नंबर पर जवानों की तैनाती की गई थी। यही नहीं प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित फुटओवर ब्रिज को भी सुरक्षा की दृष्टि से लॉक किया गया था। ट्रेन के ग्वालियर प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही स्टेशन मास्टर पीपी चौबे व हेड सीटीआई इ्रंदपाल सिंह कुशवाह के साथ एक दर्जन टिकट संग्रहक भी प्लेटफार्म नंबर एक पर मोर्चा संभाले हुए थे। यही नहीं मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के लिए डॉक्टरों के साथ पैरामेडिकल स्टॉफ की भी तैनाती की गई थी।