रेड जोन फिर भी सड़कों से लेकर गलियों तक में रही भीड़

May 06 2020

ग्वालियर। शहर रेड जोन में सप्ताहभर पहले आ चुका है और 2 पॉजिटिव मरीज भी मिले हैं लेकिन इसके बाद भी सावधानी से परहेज रखने में शहरवासी और प्रशासनिक अधिकारी कितने संवेदनशील हैं इसका नजारा आज शहर के प्रमुख बाजारों में देखने को मिला, जहां न तो शारीरिक दूरी का पालन हो रहा है और न ही लोग घर पर रूक रहे हैं। सड़कों पर खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है तो लोग घर के बाहर बैठकर गप्पे लड़ा रहे हैं, जबकि अब तक कोरोना के 11 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं।
लॉकडाउन के चलते तीसरे चरण में प्रशासन ने जरूरत के सामान के साथ-साथ अन्य चीजों पर भी राहत दी है लेकिन इसका फायदा लोग इस कद्र उठा रहे हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना ही भूल गए। सब्जी का ठेला हो या फिर किराने की दुकान सब जगह लोगों की भीड़ लगी है और पुलिस अफसर समझाइश दे रहे हैं लेकिन इसका असर इन पर नहीं हो रहा है। दो कोरोना मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने भी अब तक कड़े कदम नहीं उठाए हैं और आज शहरभर के हर बाजार में लोगों की भीड़ जमा है। सबसे ज्यादा भीड़ लश्कर और मुरार क्षेत्र में देखने को मिली, जहां लोग सामान खरीदने के लिए सुबह से ही निकल आए हैं।
बेहाल रहीं सब्जी मंडी
सब्जी खरीदने के लिए सुबह 5 बजे से मंडियों में लोगों की भीड़ इस कद्र लगी कि लोग शारीरिक दूरी भूल गए। फुटपाथी दुकानदार अपनी दुकानें सजाकर बैठे रहे तो कई लोग बिना मास्क के ही सब्जी खरीदने पहुंचे। तिलक नगर सब्जी मंडी में सबसे ज्यादा भीड़ रही और मेसकॉर्ट हॉस्पिटल के पास जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। यही हाल व्यापार मेला सब्जी मंडी में भी रहा। मुरार रामलीला सब्जी मंडी में  हालत काफी बदतर थे तो वहीं सब्जी व फलों के ठेलों पर भी अच्छी खासी भीड़ नजर आई।
दाल बाजार में लगा रहा जाम
दाल बाजार में आज थोक, खेरिज की दुकानें खुली हैं जिसके चलते जाम की स्थिति निर्मित हो गई। लश्कर सीएसपी आत्माराम शर्मा, इंदरगंज सीएसपी मुनीष राजौरिया, कोतवाली थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना, इंदरगंज थाना प्रभारी पंकज त्यागी दलबल के साथ जाम खुलवाने में जुटे रहे और लोगों को समझाइश देते रहे कि शारीरिक दूरी का पालन करें लेकिन इसका असर दिखाई नहीं दिया। दाल बाजार में जाम लगने से खरीदारी करने वालों को भी परेशानी हुई। 
खूब दौड़ रहे यात्री वाहन
यात्री वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है लेकिन इसके बाद भी शहर में यात्री वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। बुधवार को प्रमुख मार्गों पर ऑटो चालक सवारियों को ढूंढते हुए नजर आए तो वहीं टमटम वाहन कंपू, गुड़ा गुड़ी का नाका जैसे कई क्षेत्रों में सवारियों को ढो रहे थे। इन यात्री वाहनों पर पुलिस ने भी कार्रवाई करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।