बाजारों में 42 दिन बाद लौटी रौनक

May 04 2020

ग्वालियर। लॉकडाउन के तीसरे चरण में लोगों को राहत मिल रही है और सोमवार को बाजारों में 42 दिन बाद रौनक लौट आई है।  सुबह से ही लोग खरीदारी करने के लिए घरों से बाहर निकले तो कई लोग बाजार का हाल जानने के लिए बाहर आए। 
कोरोना जैसी महामारी से लोगों को बचाने के लिए लॉकडाउन किया गया था और 22 मार्च से शहरभर में सन्नाटा पसरा हुआ था सिर्फ कुछ घंटे के लिए जरूरी सामान खरीदने के लिए लोग निकलते और इसके बाद घरों में कैद हो जाते, जो लोग सड़कों पर आते उन्हें पुलिस खदेड़ रही थी लेकिन आज बाजारों का नजारा बदला हुआ था। सुबह 6 बजने के साथ ही दुकानों के शटर खुल गए और कई लोग खरीदारी करने के लिए घरों से बाहर आ गए। इस दौरान पुलिस भी इन लोगों को भगाने के बजाए समझाइश दे रही थी कि शारीरिक दूरी बनाकर रखें और जल्द से जल्द सामान खरीद लें। सुबह कोई सब्जी लेने के लिए तो कोई किराने का सामान खरीदने के लिए दुकानों पर खड़ा नजर आ रहा था जिन बाजारों और गलियों में 42 दिनों से सन्नाटा था वहां आज लोगों की भीड़ नजर आ रही थी और लोग बाहर निकलकर सोशल डिस्टेसिंग का पालन भी कर रहे थे। महाराज बाड़े पर पुलिस ही पुलिस नजर आती थी लेकिन सोमवार को लोग घूमते हुए नजर आए और कई लोग रस्सी बाजार में पहुंचकर तिरपाल और रस्सी की खरीदारी करते देखे गए।
 बाजारों में सुबह से ही उठ गए थे शटर
शहर में स्थित अधिकांश दुकानें सोमवार को खुली हुई थीं। खेरिज, थोक किराना व्यापारियों ने अपनी दुकानों के शटर उठा लिए तो वाहन सुधारने वाले, ऑटोमोबाइल वालों ने भी शटर उठाकर सर्विस करना शुरु कर दिया, इसके अलावा रस्सी बाजार में व्यापारी व्यापार कर रहे हैं तो इलेक्ट्रोनिक कारोबारी होम डिलेवरी के लिए बुकिंग कर रहे हैं। इसके साथ ही बाजारों में आज फोटो स्टेट, कॉपी-किताबों की दुकानें खुली रहीं लेकिन हाईकोर्ट और फूलबाग चौपाटी के पास की किताबें की दुकानें बंद हैं।