मजदूर दिवस पर काम की तलाश

May 01 2020

ग्वालियर। कोरोना वायरस जैसी महामारी के चलते पिछले 40 दिनों से लॉकडाउन है और हर रोज मेहनत मजदूरी करने वाले मजदूर परिवार निर्माण कार्य बंद होने के कारण परेशान हैं। शुक्रवार 1 मई को मजदूर दिवस है और इस दिन भी मजदूरों को अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए काम की तलाश करना पड़ रही है।
लॉकडाउन के चलते मजदूरों को पुलिस डंडे के बल पर भगा रही है लेकिन यह भी पुलिस को देखते ही गलियों में पहुंच जाते हैं और पुलिस के जाते बंद दुकानों के बाहर आकर इस आस में बैठे हैं कि शायद कोई मजदूरी कराने के लिए आ जाए। महाराज बाड़ा, फिल्मीस्तान टॉकीज, थाटीपुर द्वारिकाधीश मंदिर के पास मजदूर सुबह 5 बजे से काम की तलाश में आकर बैठ जाते हैं और काम नहीं मिलने पर यह वापस चले जाते हैं। इस दौरान इनको राहत यह है कि जो दानदाता अन्न व भोजन का दान कर रहे हैं वह इनका पेट भरने के लिए भोजन दे जाते हैं। महाराज बाड़े पर टाउन हॉल के पास बैठे मजदूरों को सुबह पुलिस ने भगाया तो यह टोपी बाजार, सराफा बाजार में पहुंच गए और पुलिस के जाते ही वापस आ गए।