दाल बाजार में तीन दिन बाद थोक दुकानों के खुले शटर

Apr 27 2020

ग्वालियर। मैना वाली गली से दाल बाजार की ओर आने वाले रास्ते को पुलिस ने बेरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया जिससे खरीदारों की परेशानी खत्म हो गई थी तो जाम से भी राहत मिल रही थी लेकिन गलियों में कारोबार करने वाले कारोबारियों पर इसका असर हो रहा था जिसके चलते कारोबारियों ने मैना वाली गली में लगे बेरिकेड्स हटा दिए तो वाहन दोनों ओर से आने-जाने लगे और जाम की स्थिति निर्मित हो गई। दाल बाजार व्यापार समिति व पुलिस अधिकारी जाम खुलवाने के लिए 2 घंटे तक मशक्कत करते रहे और इसके बाद बेरिकेड्स लगवा दिए, जिससे राहत मिली। सोमवार को दाल बाजार में थोक की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी हुई है और खेरिज में सामान बेचने वाले दुकानदार खरीदारी करके सामान ले जा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा लॉकडाउन के दौरान खेरिज कारोबारियों को 2 दिन तक कारोबार करने की अनुमति दी जिसके चलते अधिकांश दुकानों पर खरीदारी होने से माल खत्म हो गया। इन खेरिज कारोबारियों की दुकानों में स्टॉक रह सके इसके लिए सोमवार को 3 दिन बाद दाल बाजार में थोक कारोबारियों के शटर खोलने की अनुमति दी गई। सुबह 8 बजे से पहले ही खेरिज कारोबारी माल की खरीदारी करने के लिए पहुंचना शुरू हो गए जैसे ही इन दुकानों के शटर उठे तो कारोबारियों ने भी दुकानदारों को शक्कर, तेल, दाल, चावल सहित अन्य सामान उपलब्ध कराना शुरू कर दिया। 
पास को लेकर फिर हुआ झंझट
दाल बाजार में उन लोडिंग वाहनों को प्रवेश दिया जा रहा है जिनके पास दाल बाजार समिति द्वारा जारी किए गए पास हैं। पास को लेकर हर रोज लोडिंग वाहन चालकों में झंझट हो रहा है। सोमवार की सुबह भी दाल बाजार में पास को लेकर झंझट हुआ तो दाल बाजार समिति के मनीष बांदिल ने अपनी दुकान पर भीड़ बढ़ती देख पास को अन्य पदाधिकारियों को वितरित कर दिए। मैना वाली गली में गोकुल बंसल द्वारा एक सैकड़ा पास का वितरण किया गया।
वाहन नहीं जाने दिया तो हाथ में ही ले आए सामान
दाल बाजार में सोमवार की सुबह पुलिस दोपहिया वाहनों को जाने से रोक रही थी और लोडिंग वाहनों को उन्हीं को परमिशन दे रही है जिनके पास समिति द्वारा जारी किया गया पास है, जो दुकानदार दो या तीन कट्टे खरीदने के लिए दोपहिया वाहन से पहुंचे थे वह हाईकोर्ट के पास वाहन खड़े कर अपने कंधे पर सामान उठा लाए।