खेरिज किराने की दुकानें खुली, बेचा राशन

Apr 25 2020

ग्वालियर। शहर में संचालित होने वाले खेरिज किराने के शटर पिछले दो सप्ताह से डाउन हैं और दुकानदार इस आस में दुकानों पर पहुंच रहे थे कि खुलने की परमिशन मिल जाए जिससे वह व्यापार कर सकें लेकिन हर बार दुकानदार बिना शटर उठाए ही वापस लौट रहे थे तो कुछ दुकानदार पर्चा लेकर होम डिलेवरी के माध्यम से घर-घर सामान पहुंचा रहे थे। जिला प्रशासन द्वारा 2 दिन के लिए खेरिज कारोबारियों को राहत दी गई जिसके चलते आज सुबह दुकानदारों ने सुबह 7 बजते ही दुकानों के शटर उठाकर कारोबार करना शुरू कर दिया।
लॉकडाउन के चलते प्रशासन द्वारा शहरभर में संचालित होने वाली खेरिज किराने की दुकानों के शटर डाउन करा दिए थे और थोक कारोबारियों को कारोबार करने की अनुमति दी गई थी। पिछले 15 दिनों से यह कारोबारी आस लगाए बैठे थे, जैसे ही जिला प्रशासन का आदेश दुकानें खोलने का आया तो यह दुकानदार भी भौर होते ही अपनी दुकानों पर पहुंचे और सफाई करने के बाद अपना कारोबार करना शुरू कर दिया।
   दुकानों के शटर उठाने से पहले दुकानदारों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए दुकानों के बाहर कलई और चौक से गोले बनाए और ग्राहकों से निवेदन कर रहे हैं कि एक मीटर की दूरी बनाए रखें। इस दौरान कई दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होते नहीं दिखा तो पुलिस ने हिदायत दी कि गोले बनाकर ग्राहकों को खड़ा नहीं कराया तो शटर गिराने में देरी नहीं होगी। आज दाल बाजार में थोक कारोबारियों के शटर डाउन हैं तो इसी तरह थोक मेडिकल स्टोर के शटर नहीं खुले हैं।