शटर लगाकर कर कर रहा था व्यापार, बनाया मुर्गा

Apr 23 2020

ग्वालियर। पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर लोग गलियों में दौडऩे लगे और दुकानदारों ने ग्राहकों को अंदर कर शटर डाउन कर दिया, लेकिन दुकानदारों की उस समय आफत आ गई जब पुलिस कप्तान नवनीत भसीन ने यह नजारा देख अपने साथ चल रहे सुरक्षा गार्डों से कहा कि दुकानों के शटर उठाएं, जैसे ही शटर उठा तो दुकान के अंदर खड़े ग्राहकों ने दौड़ लगा दी और दुकानदार अपनी गलती मानते हुए खड़ा हो गया। कप्तान ने नाराजगी जताते हुए दुकानदार को मुर्गा बनाया और इंदरगंज थाना प्रभारी को फटकार लगाते हुए चालानी कार्रवाई के लिए कहा। यह नजारा गुरुवार की सुबह शिंदे की छावनी नीम के पेड़ के पास देखने को मिला।
लॉकडाउन का पालन शहरवासी करते हुए घर पर सुरक्षित रहें इसके लिए पुलिस जवान और अफसर सड़कों पर मॉनीटरिंग करते हुए घूम रहे हैं। सुबह पुलिस कप्तान नवनीत भसीन शहर भ्रमण पर निकले तो उन्होंने किलागेट पहुंचकर दुकानदारों को हिदायत दी कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, इसके बाद वह बहोड़ापुर पहुंचे जहां लोग सड़कों पर घूम रहे थे। कप्तान ने जब पूछताछ की तो किसी ने दवाई का तो किसी ने दूध का बहाना बनाना शुरू कर दिया जिस पर उन्होंने हिदायत दी कि घर पर रहें नहीं तो पुलिस कार्रवाई करने में देरी नहीं करेगी।                                 
ऑटो पाट्र्स की खुली थीं दुकानें
शिंदे की छावनी भारत टॉकीज के पास ऑटो पार्ट्स की दुकानों के शटर खुले थे और दुकानदार अपना कारोबार कर रहे थे। दुकानों के बाहर दुपहिया वाहन खड़े थे और मिस्त्री वाहनों को सुधार रहे थे। पुलिस कप्तान ने जब दुकानों के शटर खुले देखे और भीड़ लगी देखी तो तुरंत ही गाड़ी रोककर पूछताछ की। दुकानदारों से कहा कि जब परमिशन दुकान खुलने की नहीं है तो शटर कैसे उठाए। दुकानदारों ने अपनी गलती स्वीकारी तो चालानी कार्रवाई को छोड़ दिया गया।