मुनाफे के लिए थोक सब्जी मंडी में जमकर हो रहा है खेरिज कारोबार

Apr 22 2020

ग्वालियर। सब्जी के मनमाने दामों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस अफसरों ने पहल करते हुए शहर में 10 स्थानों पर सब्जी मंडियां चालू कराईं और इसका फायदा आम जनमानस को होने लगा। सब्जी मंडियों में थोक कारोबारी ही कारोबार करेंगे और खेरिज में सब्जी नहीं बिकेगी, इसका आदेश देते हुए संबंधित दुकानदारों की सूची भी जारी की गई थी, लेकिन यह दुकानदार मोटे मुनाफे के लिए थोक मंडी में जमकर खेरिज कारोबार कर रहे हैं। मंडी कमेटी की मिलीभगत से कई लोग थोक आढतियों से सब्जी खरीदने के बाद उसी स्थान पर खेरिज में सब्जी बेच रहे हैं जिससे खरीदारों की भीड़ लग रही है और लोग सोशल डिस्टेंसिंग बनाने की जगह भीड़ लगाकर खड़े हुए हैं। सुबह 4 बजे से 7 बजे तक शहर की सब्जी मंडियों में मेले जैसा आलम रहता है और लोग अपनी व दूसरों की जान की परवाह भी नहीं करते हैं। शहरवासियों को सस्ती सब्जी गली-मोहल्ले में उपलब्ध हो सके इसके लिए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, एडीएम किशोर कान्याल ने कैट के अध्यक्ष भूपेंद्र जैन की पहल पर 10 स्थानों पर थोक सब्जी मंडियां बनाई हंै जिनमें आलू, प्याज, टमाटर के अलावा कुछ और सब्जियां बेचने के लिए अनुमति दी गई है। सब्जी कारोबारी थोक के अलावा खेरिज में सब्जी नहीं बेचेंगे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करेंगे यह आदेश दिया गया था लेकिन सब्जी मंडियों में सोशल डिस्टेंसिंग कहीं से कहीं तक नजर नहीं आ रही। सुबह यह स्थिति रहती है कि लोग आधा किलो से लेकर 2 किलो सब्जी खरीदने के लिए भीड़ लगाकर खड़े रहते हैं।                      
आपने अब तक सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के लिए लोगों को गोलों में खड़े देखा होगा या फिर बैंकों के बाहर चप्पल और पत्थर रखकर नंबर लगाते हुए देखा होगा लेकिन आज हजीरा स्थित एक राशन की दुकान पर लोग अपना नंबर लगाने के लिए सुबह 6 बजे से ही पहुंच गए और कंट्रोल खुलने से पहले जब थक गए तो गोलों में ही बैठ गए।  बुधवार की सुबह राशन की दुकानों पर गरीबों को गेहूं का वितरण किया जाना था जिसके चलते कई दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए सुबह से ही पुलिस के जवान तैनात थे और दुकानदारों को हिदायत दी गई थी कि वह कार्डधारकों को राशन देते समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं। इस दौरान पुलिस के जवान भी आटा लेने आए लोगों को हिदायत दे रहे थे कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया तो कतार से निकाल कर हटा दिया जाएगा, तो कई कंट्रोलों पर कतारबद्ध तरीके से खड़े होकर लोग आटा ले रहे हैं।