यहां दिखा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन

Apr 21 2020

ग्वालियर। शहरवासियों को आसानी से सब्जी, फल मिल सकें इसके लिए मोतीझील स्थित फल मंडी को खोलने के आदेश जिला प्रशासन द्वारा दिए गए हैं। बाजारों में हाथ ठेलों से फल बेचने वाले अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें इसके लिए वह आधी रात में ही फल की खरीदारी करने पहुंच गए, जहां व्यापारियों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया गया। मोतीझील स्थित फल मंडी बंद रहने के कारण फलों की किल्लत हो रही थी जिसके चलते जिला प्रशासन ने निर्णय लिया कि मोतीझील स्थित फल मंडी रात 12 बजे से 4 बजे तक खुलेगी और शहरभर में हाथ ठेलों से फल बेचने वाले सुबह 11 बजे तक फल उपलब्ध कराएंगे। प्रशासन का आदेश मिलते ही फल कारोबारियों ने रात 10 बजे अपनी दुकानों पर पहुंचकर सैनेटाइज कराया और इसके बाद सोशल डिस्टेंसिंग बना रहे इसके लिए दुकानों के बाहर गोले बनवाए। रात 12 बजे से फल कारोबारी कारोबार करने में जुट गए और सुबह 4 बजते ही अपनी दुकानों के शटर डाउन कर दिए। छत्री बाजार स्थित फल मंडी में भी यही स्थिति रही जिससे प्रशासन सहित आमजन को भी राहत महसूस हुई।                            
 सब्जी मंडी भी रहीं गुलजार
 सब्जी खरीदने के लिए तड़के से ही  सब्जी मंडियों में ग्राहकों की भीड़ लगी थी और पुलिस के जवान थोक कारोबारियों को तो अंदर जाने दे रहे थे लेकिन जो लोग खेरिज में  सब्जी खरीदने पहुंचे उन्हें गेट से ही लौटा दिया गया। प्रशासन द्वारा सहजता से लोगों को  सब्जी उपलब्ध हो सके इसके लिए 10 सब्जी मंडी बनाई हैं जहां सुबह 5 बजे से थोक कारोबारी अपना कारोबार शुरू कर देते हैं और शहरभर में हाथ ठेलों से घर-घर  सब्जी पहुंचाने वाले खरीदार भी यहां पहुंचना शुरू हो गए। पुलिस ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए कड़ी मेहनत की।