लॉकडाउन के नियमों के साथ 26 को मनेगी परशुराम जयंती

Apr 21 2020

ग्वालियर। भगवान विष्णु के छटवें अवतार भगवान परशुराम की जयंती 26 अप्रैल रविवार को मनाई जाएगी। प्रतिवर्ष वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को परशुराम जयंती मनाई जाती है। इसी तिथि को हिन्दू धर्म का एक बड़ा पर्व अक्षय तृतीया भी मनाया जाता है। परशुराम जयंती लॉकडाउन के नियमों के पालन के साथ शहर में मनाई जाएगी। इस अवसर पर परशुरामेश्वर महादेव मंदिर, सनाढ्य भवन, गैंडे वाली सड़क, रामकुई पर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार भगवान परशुराम की प्रतिमा का पूरे विधि-विधान के साथ सामाजिक दूरी का पालन कर आचार्यो द्वारा अभिषेक किया जायेगा। मध्यप्रदेश सनाढ्य सभा के अध्यक्ष किशन मुदगल ने समाज के लोगों से निवेदन किया है कि अपने घरों में रह कर ही भगवान परशुराम को दीपदान करें और इस महामारी का खात्मा हो ऐसी प्रार्थना करें। मध्यप्रदेश सनाढ्य सभा की कमेटी ने निर्णय लिया है कि मंदिर में सोशल डिस्टेंसिग का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। पुजारी और आचार्य मास्क पहनकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके साथ ही लोगों को घर में ही भगवान परशुरामजी की प्रार्थना करने की बात कही है। उन्हें मंदिर में लॉकडाउन के कारण न आने की सलाह दी गई है।