बेमौसम बरसात से किसान परेशान

Apr 20 2020

ग्वालियर। मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार को आगाज गर्मी भरे मौसम में बरसात के साथ हुआ तो लोग हैरान रह गए। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि यह तो ट्रेलर है, अभी तेज बरसात हो सकती है। अरब सागर में बने सिस्टम के चलते आने वाले दो- तीन दिन पानी भरे हो सकते हैं।
इस दौरान भले ही तेज बरसात न हो, लेकिन आसमान पर बादलों के बसेरे के साथ ही हल्की बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला चलता रहेगा। उधर अचानक बदले मौसम ने किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। गेहूं की कटाई चल रही है, कटा गेहूं खलिहानों में खुला पड़ा है, जो इस बेमौसम बरसात के चलते खराब हो सकता है। मंडियों में भी गेहूं पहुंचने लगा है।                            
मौसम विभाग का कहना है कि अरब सागर में एक सिस्टम सक्रिय है वहीं राजस्थान में भी ऊपरी चक्रवात बना हुआ है, जिसके चलते बरसात के हालात बने हैं। फिलहाल सिस्टम सक्रिय है और तेज बरसात को भी अंजाम दे सकता है। इसके साथ ही तेज आंधी भी चलेगी। वहीं तापमान में भी गिरावट आएगी, जिससे गर्मी से राहत रहेगी। पानी और ठंडी हवा के कारण फिजा में बढ़ी नमी के कारण आद्र्रता में भी बढ़ोतरी हुई है, यह सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक रही, जबकि रविवार शाम को यह मात्र 25 प्रतिशत रह गई थी।            
पिछले कुछ दिनों से सूरज के तल्ख तेवरों के चलते पारा लगातार बढ़ रहा था, रात में जब लोग सोए तो आसमान टोटल साफ था, लेकिन कुछ ही घंटों में हालात बदल गए, सुबह जब लोग जागे तो उनका सामना बरसात से हुआ। ऐसे में वह हैरान तो हुए, लेकिन गर्मी के बीच आसमान पर छाए घने बादल और हल्की बूंदाबांदी के साथ शीतल हवा ने फिजा को खुशनुमा बना दिया।               
गेहूं जब खेत में तैयार खड़े थे उस वक्त भी अचानक बरसात और ओलों ने किसानों को परेशान करके रख दिया था, उन्हें साल भर की कड़ी मेहनत पर पानी फिरता दिख रहा था, अब जबकि यह फसल तैयार है और इसकी कटाई जारी है ऐसे में पानी का आना इनकी फसल को बर्बाद कर सकता है, इसे लेकर किसानों के चेहरे पर तनाव है, वहीं गेहूं मंडी तक भी पहुंचने लगा है और 15 अप्रैल से इसकी खरीदी भी शुरु हो चुकी है, चूंकि मंडियों में व्यवस्था नहीं है ऐसे में किसानों के सामने गंभीर संकट पैदा हो सकता है।