बिना मास्क घूम रहे लोगों से पुलिस ने वसूला जुर्माना

Apr 18 2020

ग्वालियर। लॉकडाउन के दौरान बिना मास्क के वाहन दौड़ा रहे वाहन चालकों की उस समय सामत आ गई जब पुलिस ने इन्हें रोककर मास्क नहीं लगाने का कारण पूछा और फटकार लगाते हुए 100-100 रुपए का जुर्माना ठोक दिया।  लॉकडाउन का पालन स ती से कराने के लिए पुलिस अफसर सुबह से ही सड़कों पर घूमते हुए दिशा-निर्देश दे रहे हैं। सरकार द्वारा आदेशित किया गया है कि सड़क पर थूकने और बिना मास्क के निकलने वालों पर जुर्माना किया जाए, जिसके चलते सुबह पुलिस कप्तान नवनीत भसीन ने सभी थाना प्रभारियों को आदेशित किया कि दुपहिया वाहन पर दो लोग सवार हैं और बिना मास्क के हैं तो उन पर जुर्माना किया जाए। पुलिस कप्तान का आदेश मिलते ही पड़ाव थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने फूलबाग चौराहे पर कार्रवाई करते हुए बिना मास्क के वाहन दौड़ा रहे लोगों को रोकना शुरू कर दिया। इस दौरान कई वाहन चालकों ने अपनी गलती स्वीकारा, लेकिन पुलिस ने जुर्माना वसूलने के बाद ही आगे बढऩे दिया।                          
 पैदल चलने वालों पर भी किया जुर्माना
शनिवार सुबह पुलिस अफसर अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करते हुए दुकानों के शटर डाउन करा रहे थे उसी समय कई लोग सामान खरीदने आए और बिना मास्क के घूम रहे थे, पुलिस ने इन्हें रोककर 100-100 रुपए का जुर्माना किया। पुलिस ने जब पूछा मास्क कहां है, तो कुछ लोग घर पर छूटने का बहाना बनाते रहे, तो कुछ ने कहा मेडिकल से खरीदने निकले हैं। गोरखी परिसर में सुबह सब्जी खरीदने पहुंचे लोग मास्क नहीं लगाए थे उन्हें गेट से ही वापस कर दिया गया।
मास्क देकर कहा-अब लगाकर ही चलना  
पड़ाव पुलिस ने जो लोग मास्क नहीं लगाए थे उनसे जुर्माना वसूलने के साथ-साथ मास्क भी दिया और कहा कि अब जब भी घर से निकलें तो मास्क लगाकर ही निकलें। आज 100 रुपए का जुर्माना किया है, कल से अगर बिना मास्क के निकले तो दुगना जुर्माना वसूला जाएगा।