दूसरे दिन भी ईकोग्रीन कंपनी के कर्मचारियों ने नहीं किया काम

Apr 17 2020

ग्वालियर। वेतन कटौती को लेकर ईको ग्रीन कंपनी के कर्मचारियों ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी दोपहर तक काम शुरू न कर हड़ताल जारी रखी, जिसके चलते शहर में कचरा पसरा रहा। इन हालात से निपटने के लिए निगम ने 137 हेल्पर और 50 गाडिय़ां शहर में सफाई के लिए लगा दी हैं, इसके बावजूद भी जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि ईकोग्रीन कर्मचारियों ने गुरुवार को वेतनकाट लिए जाने के से रोषित होकर काम बंद कर दिया था और चेतावनी दी थी कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा, तब तक काम की छुट्टी। कंपनी पर निगम के अघिकारी मेहरबान है। कारण क्या है यह तो वहीं जाने, लेकिन हर कुछ दिन बाद ईकोग्रीन के कर्मचारी काम बंद कर देते हैं और शहर में सफाई की स्थिति बदतर हो जाती है। मात्र चार माह में यह इन कर्मचारियों की तीसरी हड़ताल है।
काम बंद करने वाले कर्मचारियों का कंपनी प्रबंधन पर आरोप है कि उनसे ऑवर टाइम काम यह कहकर कराया जाता है कि उसके एवज में अतिरिक्त काम का अतिरिक्त वेतन मिलेगा, लेकिन ऐसा होता नहीं। इस बार भी दर्जनों कर्मचारियों को जब वेतन दिया गया तो उनका ऑवरटाइम का वेतन नहीं  दिया गया, वहीं अवकाश के भी पैसे काट लिए गए, कई कर्मचारियों के वेतन यह कहकर काटे गए हैं कि वह देर से काम पर पहुंचे, जितना काम उतना वेतन, इसे सहन नहीं किया जाएगा और जब तक वेतन हाथ नहीं आता वह काम नहीं करेंगे। इन हालात के बाद अंतत: नगर निगम ने शुक्रवार को अपने आधा सैकड़ा वाहनों के साथ ही 137 सफाई कर्मचारी भी शहर में सफाई के लिए लगा दिए हैं। बताया जा रहा है कि हड़ताली कर्मचारियों से बात हो गई है और वह काम पर लौट सकते हैं।