असमंजस के बीच कारोबारियों ने जमकर किया कारोबार

Apr 17 2020

ग्वालियर। दाल बाजार में कारोबार होगा या नहीं इसे लेकर असमंजस की स्थिति व्यापारियों के बीच बनी रही। प्रशासन ने दाल बाजार को दो भागों में बांटा है। आज थोक कारोबारियों का दिन था लेकिन प्रशासन द्वारा आदेश में दाल बाजार का हवाला नहीं था जिससे व्यापारियों में असमंजस बना रहा। असमंजस के बीच व्यापार समिति के पदाधिकारी गोकुल बंसल, महेंद्र साहू, मनीष बांदिल सहित कई व्यापारियों ने निर्णय लिया कि व्यापार पूर्व के अनुसार किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारी अगर बंद करने की कहेंगे तो अपने शटर डाउन कर देंगे। असमंजस के बीच कारोबारियों ने जमकर कारोबार किया। दाल बाजार के जैसे ही शटर उठे तो खरीदारों की भीड़ लगना शुरु हो गई। लोग सोशल डिस्टेसिंग का पालन भूल गए। इस दौरान व्यापार समिति के पदाधिकारियों ने भी सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने के लिए दुकानों पर पहुंचे। पुलिस ने भी व्यापारियों को हिदायत दी कि सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं कराया तो कारोबार बंद करा दिया जाएगा।