बैंक खुलने से पहले पहुंच रहे खाताधारक

Apr 16 2020

ग्वालियर। सुबह से ही बैंकों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और बैंक खुलते ही लोग अपने खाते में डाले हुए पैसे निकालने पहुंच रहे हैं और पूछ रहे हैं भैया मेरे खाते में देख लो रुपए आए या नहीं, क्योंकि कई दिनों से घर में राशन नहीं होने के चूल्हा बुझा पड़ा है। गैस सिलेंडर भी खत्म हो गया है और नंबर लगाने के बाद डिलेवरी तो आई लेकिन पैसे नहीं थे, इसलिए वापस हो गया इस तरह की गुहार लोग लगाते देखे जा रहे हैं।
कोरोना वायरस जैसी महामारी के दौरान जहां लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है तो वहीं दूसरी ओर बैंकों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस संकट की घड़ी में गरीबों की मदद करते हुए जन-धन खाते में 500- 500 रुपए डाले जा रहे हैं। कई खातों में रुपए आ गए हैं जिन्हें निकालने के लिए बैंकों में कई दिनों से भीड़ लग रही है। गुरुवार की सुबह भी शहर की अधिकांश बैंक और क्योस्क सेंटरों पर जन-धन खाता खुलवाने वालों की भीड़ लगी थी और बैंक कर्मचारी व अधिकारी कई बार भीड़ में खड़े लोगों को समझाइश दे रहे थे किवह दूरियां बनाकर रखें, लेकिन भीड़ में शामिल लोग सुनने को तैयार नहीं थे। कहीं-कहीं तो नियमों का पालन किया जा रहा था लेकिन कई जगह नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। जन- धन खाते में रुपए आए हैं या नहीं इसके लिए सबसे ज्यादा हितग्राही पहुंच रहे हैं।