सब्जी बेच रही महिला से चार हजार लूटे

Apr 14 2020

ग्वालियर। सब्जी बेच रही महिला से बाइक सवार तीन युवक चार हजार दो सौ रुपए लूट ले गए। वारदात पड़ाव थाना क्षेत्र के फूलबाग स्थित लायंस पार्क के पास मंगलवार की सुबह की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। 
इंदरगंज थाना क्षेत्र के खल्लासी पुरा निवासी अंतो बाई सब्जी बेचती है। मंगलवार की सुबह वह पड़ाव थाना क्षेत्र के फूलबाग  स्थित लायंस पार्क पर सब्जी बेच रही थी, तभी बाइक सवार तीन युवक आए और महिला से तीन सौ रुपए की सब्जी खरीदी और दो हजार रुपए का नोट दिया। दो हजार रुपए का नोट लेने के बाद महिला ने अपना पर्स निकाला और पैसे काटने लगी, इसी बीच युवक ने झपट्टा मारा और उसका पर्स छीन ले गए। वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।