नोवेल कोरोना के संक्रमण से प्रभावित व संभावित व्यक्तियों के बायोमेडीकल वेस्ट कलेक्शन हेतु निगमायुक्त ने रवाना किए पांच वाहन

Apr 14 2020

 
 
ग्वालियर 14 अप्रैल 2020/ नोवेल कोरोना के संक्रमण को देखते हुए संक्रमित, संभावित एवं होम क्वारंटाइन व्यक्तियों के द्वारा उत्पन्न बायोमेडीकल वेस्ट के संग्रहण के लिये नगर निगम द्वारा पृथक से वाहन चलाकर एकत्र करने की व्यवस्था की गई है। जिसके लिए पीले रंग के 5 कचरा संग्रहण के लिए तैयार किए गए वाहनों को आज नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन ने कार्यशाला से रवाना किया। इस दौरान अपर आयुक्त श्री नरोत्तम भार्गव, कार्यशाला प्रभारी श्रीकांत कांटे, श्री केशव सिंह चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। 
नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन ने बताया कि नगर निगम द्वारा नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण से प्रभावित अथवा संभावित व्यक्तियों के साथ-साथ होम क्वारंटान्ड किए गए सभी व्यक्तियों के बायोमेडीकल वेस्ट के कलेक्शन हेतु 5 पीले रंग के वाहन तैयार किए गए हैं। यह वाहन शहर में भ्रमण कर बायोमेडीकल वेस्ट कलेक्शन करेंगे। निगम द्वारा कलेक्ट किए गए बायोमेडीकल वेस्ट को मेडीकल वेस्ट कलेक्शन परिवहन की मॉनीटरिंग एवं निष्पादन करने वाली एजेन्सी डेविस सर्जीकल द्वारा निष्पादित किया जायेगा। ईको ग्रीन कंपनी के माध्यम से शहर में 5 पीले रंग के वाहनों से सर्जीकल वेस्ट संकलित कर निर्धारित स्थल पर डेविस सर्जीकल कंपनी को उपलब्ध कराया जायेगा। 
निगम आयुक्त ने बताया कि उक्त वाहनों के माध्यम से ग्लब्स, मास्क, दूषित दवाओं की खाली बोतलें, पीपीटी किट, एक्सपायरी दवायें, यूरिन बैग, सीजर ड्रिप या ड्रिप सेट, सेनेटरी नेपकीन एवं डायपर आदि ही बायोमेडीकल वेस्ट में डाला जायेगा। सुरक्षित तरीके से उपलब्ध कराने हेतु 5 पीले वाहनों की गाड़ी तथा 10 सुरक्षा किट तथा हर गाड़ी पर दो स्टाफ पम्प पीले बैग मशीन तथा चिन्हित स्थल का सेनेटाइजेशन की व्यवस्था की जायेगी। 
जिले में 5 हजार से अधिक व्यक्तियों को होम क्वारंटाइन किया गया है। इन सभी का बायोमेडीकल वेस्ट कलेक्शन हेतु निगम द्वारा प्रात: 9 बजे से शाम 5 बजे तक वाहन संचालित किए जायेंगे। उक्त कार्य के लिये श्री हसीन अख्तर को नोडल अधिकारी एवं एएचओ श्री अजय ठाकुर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है*।निगम द्वारा तैयार किए गए वाहन सम्पूर्ण शहर में घूमकर नोवेल कोरोना के संक्रमण से प्रभावित व्यक्तियों का बायोमेडीकल वेस्ट एकत्र करेंगे। 
वाहनों को रवाना करने से पूर्व उक्त वाहनों पर तैनात स्टाफ को बायो मेडिकल वेस्ट किस प्रकार लेना है इसके लिए प्रशिक्षित भी किया गया।