थोक कारोबारियों के उठे शटर टोकन के बाद मिला प्रवेश

Apr 13 2020

 ग्वालियर। लॉकडाउन के दौरान शहरवासियों को राशन उपलब्ध हो सके इसके लिए सोमवार को दाल बाजार के शटर थोक कारोबारियों के लिए उठे और कारोबारी अपना कारोबार पुलिस के संरक्षण में किया। दाल बाजार में भीड़ न हो इसके लिए व्यापारी संघ द्वारा लोडिंग चालकों के लिए टोकन व्यवस्था शुरू कर दी। टोकन लेने थाने के बाहर वाहनों की भीड़ लग गई जिससे जाम की स्थिति निर्मित हो गई। थाने के बाहर वाहन चालकों द्वारा लगाई गई लाइन में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होते नहीं दिखा। व्यापारी संघ की मांग पर जिला प्रशासन व पुलिस अफसरों ने निर्णय लिया कि लॉकडाउन के दौरान राशन की किल्लत न हो इसके लिए दाल बाजार में कारोबार करने वाले कारोबारी सप्ताह में 3 दिन थोक की दुकानें और 3 दिन खेरिज की दुकानें खोली जाएंगी।  सोमवार को थोक व्यापारियों की दुकानों के आधे शटर उठे हुए हैं और लोडिंग, अनलोडिंग हो रही है। कई कारोबारी दुपहिया वाहनों से माल खरीदने के लिए पहुंचे तो कई कारोबारी बुकिंग कर लौट आए। ऑटो चालक इनकी दुकानों और घरों पर माल की सप्लाई कर रहे हैं। होम डिलेवरी करने वालों को भी दाल बाजार से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।                              
बिना टोकन खड़े वाहनों के चालान हुए
दालबाजार में भीड़-भाड़ न हो इसके लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है और कई लोडिंग ऑटो चालक बिना टोकन के ही दाल बाजार में पहुंचकर लोडिंग, अनलोडिंग कर रहे थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने जब दाल बाजार में बिना टोकन के ऑटो, हाथ ठेले और घोड़ा गाड़ी खड़ी देखी तो नाराजगी जताई और बिना टोकन खड़े वाहनों के चालान कराए। इस दौरान रेड़ा गाड़ी और हाथ ठेले वालों की वीडियोग्राफी भी की गई है।
व्यापारी संघ ने संभाली कमान
दाल बाजार में व्यवस्थाएं बनी रहें इसके लिए पुलिस अफसर अपनी ताकत झोंक रहे हैं और जो फालतू घूम रहे हैं उन्हें डंडे के बल पर खदेड़ा जा रहा है। दाल बाजार में व्यवस्था बनाने के लिए व्यापारी संघ के पदाधिकारी भी लगे हुए हैं। दाल बाजार व्यापारी संघ के मनीष बांदिल, महेंद्र साहू, गोकुल केबरे, दीपक श्रीचंद जैसवानी के अलावा 10 वालिंटियर व्यवस्थाए संभाले हैं। मनीष बांदिल ने बताया कि आज मंगलवार से 4 सुरक्षा गार्डों को भी लगाया जाएगा।
पुलिस ने हड़काया
सोमवार को सुबह दाल बाजार में व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस को अच्छी खासी मशक्कत करनी पड़ रही है और पुलिस ने कई लोगों को हड़काया, इस दौरान इंदरगंज चौराहे पर खड़े ऑटो चालकों को पहले थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने समझाइश दी लेकिन जब वह नहीं माने तो डंडे के बल पर खदेडऩा शुरू कर दिया जिससे अफरा-तफरी मच गई। सीएसपी आत्माराम शर्मा, मुनीष राजौरिया ने ाी व्यवस्थाएं बनाई और जो वाहन रोड पर खड़े थे उन्हें हटवाया।
एक दिन में 65 को मिले पास
शहरभर में किराने की दुकानों पर राशन की कोई कमी न रहे इसके लिए दाल बाजार कारोबारियों ने सोमवार को दुकानों के शटर प्रशासन की सहमति से उठाए हैं। लोडिंग-अनलोडिंग के लिए भीड़ न हो इसे देखते हुए इंदरगंज थाने से लोडिंग वाहनों को टोकन दिए गए। व्यापारी संघ के मनीष बांदिल ने बताया कि दाल बाजार में थोक कारोबार सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को होगा, जबकि खेरिज कारोबार मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को होगा और रविवार को दुकानों के शटर डाउन रहेंगे। आज जिन लोडिंग ऑटो चालकों को टोकन दिए गए हैं अब दूसरे वाहनों को टोकन दिए जाएंगे।