बैंक खुलने से पहले लगी कतारें

Apr 13 2020

ग्वालियर। बैंकों के ताले खुलने से पहले ग्राहकों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के लिए पुलिस को अच्छी खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। एक सप्ताह से बैंकों में ताले लटके हुए थे जिससे जन-धन खाते से पैसे निकालने के लिए लोग भटक रहे थे और आज बैंक खुलने से पहले ही हितग्राहियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। बैंकों से पैसे निकालने आए लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे थे जिसे लेकर बैंक अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जन- धन खाते में आए रुपए निकालने के लिए सोमवार को सुबह 7 बजे से ही बैंकों के बाहर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। सुबह से ही क्योस्क सेंटरों पर भी अच्छी खासी भीड़ जमा होने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है। बैंकों के बाहर भीड़ लगने की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ में खड़े लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए हिदायत दी, लेकिन हितग्राही सुनने को तैयार नहीं है।
बैंक अधिकारी और कर्मचारियों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए सुबह बैंक खुलने से पहले गोले बनवा दिए और हिदायत दी कि गोले में ही खड़े रहें, लेकिन जैसे जैसे भीड़ बढ़ी तो लोग बैंकों के गेट व क्योस्क सेंटर पर खड़े हो गए जिससे परेशानी का सामना बैंक अधिकारी व ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को करना पड़ा। कुछ बैंकों के बाहर तो जाम की स्थिति निर्मित हो गई।            
इसलिए भी लग रहा है समय
बैंकों के बाहर पैसा निकालने के लिए हितग्राहियों की अच्छी खासी भीड़ लगी है और वह अपनी बारी आने का इंतजार कतार लगाकर कर रहे हैं। कतार में खड़े लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए पुलिस अफसर भी पसीना बहा रहे हैं। बैंकों में प्रवेश से पहले हितग्राहियों के हाथ सेनेटाइज कराए जा रहे हैं और 5 व्यक्तियों को ही बैंक के अंदर जाने दिया जा रहा है।