कर्मचारियों की सुविधा के लिए नगर निगम ने प्रारंभ किया वाटर एटीएम

Apr 12 2020

ग्वालियर। कोरोना वायरस के संकट के दौरान देशभर में लॉक डाउन चल रहा है, ग्वालियर में भी लोगों द्वारा लॉक डाउन का पालन किया जा रहा है वहीं पुलिस कर्मियों एवं अन्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा अपनी ड्यूटी कर लोगों को लॉक डाउन का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ऐसे सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान स्वच्छ व साफ आरो वाला पानी उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर भर में संचालित कराए जा रहे वाटर एटीएम में से इंदरगंज चौराहे का वाटर एटीएम प्रारंभ कर दिया गया है। 
नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन के निर्देशानुसार लॉक डाउन के दौरान ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मी व कर्मचारी स्वच्छ पानी के लिए परेशान होते हैं कर्मचारियों की इसी परेशानी को देखते हुए नगर निगम ग्वालियर द्वारा विगत वर्ष शहर भर में स्थापित किए गए विभिन्न वाटर एटीएम जो कि वर्तमान में बंद चल रहे थे में से इंदरगंज चौराहा स्थित वाटर एटीएम प्रारंभ कराया गया जिससे लॉक डाउन के दौरान ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को साफ पानी पीने को मिल सके।