पुलिस घर पर रहने की दे रही कई तरह से समझाइश

Apr 12 2020

ग्वालियर। आपने अब तक पुलिस को सड़कों पर गाना गाते नहीं देखा होगा और न ही पुलिसकर्मियों को चाय पिलाते। पुलिस का नाम सुनते ही लोग दूर भागते हैं, लेकिन इन दिनों पुलिस लॉकडाउन का पालन कराने के लिए कितनी संवेदनशील है, इसका नजारा हर रोज देखने को मिल रहा है। पुलिस लॉकडाउन के दौरान लोग घर पर रहें इसके लिए जागरुकता अभियान भी चला रही है, जिसके चलते कहीं पुतले लगाए जा रहे हैं तो कहीं कार्टून बनाए जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी लोग घर पर टिकने को तैयार नहीं हैं। बेवजह सड़कों पर निकलकर अपने साथ दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे हंै। लॉकडाउन के दौरान पुलिस भी माइक लगाकर लोगों को घर के अंदर रहने के निर्देश दे रही है। वहीं सभी चौराहे पर नाकाबंदी कर पुलिस के साथ ही नगर रक्षा समिति के सदस्य चौकसी कर रहे हैं। वहीं वाहनों की आवाजाही बंद करने के लिए गलियों की भी नाकाबंदी की गई है। पुलिस के अधिकारी लगातार घूम रहे हैं। लॉकडाउन के चलते सुबह 10 बजे के बाद सड़कें वीरान हो जाती हैं और वाहनों की आवाजाही बंद हो जाती है। पुलिस अधिकारी का आज अलग ही रूप देखने को मिला। पुलिसकर्मी गीतों के माध्यम से लोगों को जीवन का महत्व बताते हुए लोगों को घरों में ही रहने के लिए समझाइश दे रहे हैं।
पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में रहने वाले मजदूर परिवारों की सुध थाना प्रभारी राजीव गुप्ता ने ली, उन्होंने भोजन के पैकेट तैयार करवाकर वितरित किए। इस दौरान उन्होंने सैनिटाइजर से हाथ भी धुलवाए और कहा कि अपने घर से बाहर न निकलें। इसी तरह मुरार थाना प्रभारी अमित भदौरिया, हजीरा थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार, कोतवाली थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना, इंदरगंज थाना प्रभारी पंकज त्यागी, पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात भागीरथ सिंह इस सेवा कार्य में आगे आ रहे हैं।
ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों को गर्म पानी उपलब्ध रहे इसके लिए पुलिस कप्तान नवनीत भसीन ने पहल की और सामाजिक संस्थाओं की मदद से सभी पुलिसकर्मियों को मास्क, दस्ताने, सेनेटाइजर और गर्म पानी की बोतलें दिलाई।
कोरोना वायरस से लोगों को बचाने के लिए पुलिस राष्ट्रीय व धार्मिक गीतों को गुनगुना रही है। सूबेदार हिमांशु तिवारी हर रोज शहर की पॉश कॉलोनियों से लेकर निचली बस्तियों में गीत गाते हुए लोगों से आग्रह कर रहे हैं कि वह घर से बाहर केवल जरूरी काम से ही निकलें। पुलिस के इस रूप को देखकर लोग सराहना भी कर रहे हैं। हिमांशु तिवारी ने अपने साथियों के साथ हरिशंकरपुरम, सिटी सेंटर, क पू सहित कई क्षेत्रों में धार्मिक व राष्ट्रीय गीत गाकर लोगों से आग्रह किया कि वह घर पर रहें।