पुलिस ने गलियों से खदेड़े ठेले

Apr 11 2020

ग्वालियर। शिंदे की छावनी नबाव साहब के कुएं के पास फल, सब्जी के ठेलों पर ग्राहकों की भीड़ लगी थी और सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हो रहा था, यह जब पुलिसकर्मियों ने देखा तो ठेले वालों को खदेडऩा शुरू कर दिया। इसी तरह माधौगंज में दूध की दुकान पर भीड़ देखकर ट्रैफिक डीएसपी ने नाराजगी जताई।
प्रशासन द्वारा जरूरत का सामान उपलब्ध कराने के लिए दुकानें खोली जा रही हैं, लेकिन सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हो रहा है,   इसके चलते शनिवार को इंदरगंज पुलिस ने शिंदे की छावनी कमल सिंह के बाग में खड़े ठेले वालों को हटा दिया तो वहीं माधौगंज में दूध विक्रेता को हिदायत ट्रैफिक डीएसपी ने दी।
महाराज बाड़े पर गणेश मेडिकल के बाहर लगी भीड़ देखकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं किया गया तो कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कप्तान द्वारा लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है और पैदल मार्च पास्ट निकाला जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी लोग घर पर रहने के लिए तैयार नहीं हैं। गलियों के अंदर लोग घरों के बाहर बैठे हुए हैं तो कई लोग क्रिकेट खेल रहे हंै। सब्जी और फलों के ठेले भी गलियों में लगने के कारण भीड़ बढ़ रही है।  पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अगर सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कर पा रहे हो तो कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों ने भरोसा दिलाया है कि वह सोशल डिस्टेंस का पालन कराएंगे।