दुकानें खुलते ही सोशल डिस्टेसिंग भूलते लोग

Apr 10 2020

ग्वालियर। दूध की दुकान पर खरीदारों की भीड़ लगी हुई थी और सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हो रहा था, यह पुलिस कप्तान ने जब देखा तो नाराजगी जताते हुए दुकानदार को फटकार लगाई और हिदायत दी कि सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कराया तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। पुलिस कप्तान नवनीत भसीन शुक्रवार सुबह शहर भ्रमण पर निकले इस दौरान उन्होंने चेकिंग प्वाइंटों पर पहुंचकर पुलिस जवानों का हौसला बढ़ाया और कहा कि सावधानी के साथ चेकिंग करें।
लॉकडाउन के दौरान जिला प्रशासन द्वारा दूध, टोस्ट, अंडे, ब्रेड और मेडिकल की दुकानों सहित पेट्रोलपंप को राहत दी गई है, लेकिन यह दुकानदार सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कर रहे हैं, जिस पर कप्तान ने नाराजगी जताते हुए सभी थाना प्रभारियों को आदेशित किया है कि जो भी दुकानदार सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं करते हैं उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर कराई जाए और दुकानों को बंद कराएं। कप्तान श्री भसीन ने कहा कि दुकानें खोलकर पैसा दुकानदार कमा रहे हैं तो फिर पुलिस लाइन क्यों लगवाए। दुकानदार की जि मेदारी है कि वह स्वयं लाइन लगवाएगा, अगर ऐसा नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 
शुक्रवार सुबह पुलिस कप्तान नवनीत भसीन दलबल के साथ क्षेत्र में भ्रमण करने निकले इस दौरान उन्होंने माधौगंज पहुंचकर आरक्षकों से चर्चा की और इसके बाद पैदल मामा का बाजार, कदम साहब का बाड़ा, बड़वाली चौकी, हैदरगंज सहित कई जगह घूमे और वहां रहने वाले लोगों को समझाइश दी कि वह घरों से बाहर न निकलें।