युवक ने फांसी लगाकर दी जान

Apr 10 2020

ग्वालियर। एक मैकेनिक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र के नई सड़क स्थित बृज विहार कॉलोनी की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया है। बताया गया है कि मृतक ने सुसाइड करने से पहले परिजनों से विवाद किया था। 
इंदरगंज थाना क्षेत्र के नई सड़क स्थित बृज विहार कॉलोनी निवासी संजय कुशवाह पुत्र रमेश कुशवाह पेशे से मैकेनिक है और फ्रिज तथा एसी संभालने का काम करता है। शुक्रवार की सुबह किसी बात पर वह बच्चों से नाराज हुआ था और इसके बाद बच्चे अपने कमरे में चले गए और संजय अपने कमरे में चला गया और पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से बांधा और फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आया तो बेटा कमरे में पहुंचा तो वह फंदे पर झूल रहा था। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है। 
बताया गया है कि मृतक संजय के परिवार में पत्नी तथा दो बच्चे हैं, जिसमें बड़ी बेटी मोनिका तथा छोटा बेटा शिवम है। परिवार में संजय ही अकेला कमाने वाला था।