आज से पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय

Apr 10 2020

ग्वालियर। पूर्वी राजस्थान में बने ऊपरी चक्रवात का असर फिलहाल खत्म हो गया है, लेकिन बंगाल की खाड़ी से आ रही ठंडी हवा के चलते पारे में गिरावट जरूर दर्ज हुई है। जहां पिछले दिनों अधिकतम पारा 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, गुरुवार को पारा 36 डिग्री सेल्सियस रहा, न्यूनतम तापमान भी 21 डिग्री को पार गया था, शुक्रवार यह भी नमी की मार का शिकार होकर 17 डिग्री सेल्सियस से आगे नहीं
बढ़ सका और सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ। आद्र्रता में 4 की जगह 12 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इसके चलते रात में फिजा हल्की सी ठंडा गई थी। उधर मौसम विभाग संकेत दे रहा है कि आज दिन खूब तपेगा, लेकिन शाम के साथ आसमान पर बादल छा जाएंगे, जो रात में और कल बंूदाबांदी को अंजाम देंगे। इससे पारा और गिरेगा।
यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण होगा,वहीं दो दिन तक मौसम धूपछांव भरा बना रहेगा। इस बार तेज सर्दी ने जहां लोगों को सिहराकर रख दिया था, फरवरी और मार्च में भी गर्मी अपना असर कायम नहीं कर सकी थी। थोड़ा संभलते ही तेज सर्द हवा, पानी और ओले इसका सुर बिगाड़ देते थे, अप्रैल आते-आते हालात कुछ बदले तब जाकर कर्म कपड़ों से निजात मिली, लेकिन अब फिर लगातार बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम और पूर्वी राजस्थान में बने ऊपरी चक्रवात के चलते शहर का मौसम बार-बार करवट बदल रहा है, ऐसे में गर्मी अपना असर कायम नहीं कर पा रही।
जल्द आएगी बरसात
मौसम के जानकारों का कहना है कि जिस तरह से अभी सिस्टम बन रहे हैं उसके चलते इस बार मानसून जल्दी सक्रिय हो सकता है और जून मध्य से ही बरसात देखने को मिल सकती है, यानि गर्मी के लिए पहचाने जाने वाले ग्वालियर में इस बार लोगों को कूलर और एसी का ज्यादा उपयोग नहीं करना पड़ेगा।