कलारी से 120 पेटी शराब चोरी, तीन चोर पकड़े

Apr 09 2020

ग्वालियर। एक कलारी के ताले चटकाकर चोर गिरोह 120 पेटी देशी शराब चोरी कर ले गए। वारदात मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव इलाके की है। वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। वारदात की पड़ताल में जुटी पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और सुराग के आधार पर तीन चोरों को दबोच कर तीस पेटी शराब बरामद कर चोरी में प्रयुक्त हुए वाहन को भी बरामद कर लिया है। पुलिस पकड़े गए चोरों से पूछताछ कर शेष चोरी गई शराब की बरामदगी में जुट गई है।
मुरार थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि ग्वालियर थाना क्षेत्र के तानसेन नगर स्थित दुर्गापुरी कॉलोनी निवासी मनीष पुत्र अशोक शिवहरे शराब कारोबारी हैं और उनकी थाना क्षेत्र के बड़ागांव पर कलारी है। बीती रात चोरों ने उनकी कलारी के ताले चटकाकर 120 पेटी देशी शराब चोरी कर ले गए। वारदात का पता सुबह चला, जब आस-पास के लोगों ने कलारी के ताले टूटे देखे तो मनीष को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।