पुलिस कप्तान ने रोके वाहन, कराए चालान

Apr 08 2020

 ग्वालियर। दुपहिया वाहन पर दो लोग घूमने वाले वाहन चालकों की उस समय शामत आ गई, जब सड़क पर उतरे पुलिस कप्तान ने इन्हें रोककर पूछताछ करते हुए एक-एक हजार रुपए के चालान कटवा दिए। बुधवार को सड़कों पर उतरे पुलिस कप्तान नवनीत भसीन ने 9 बजे के बाद घूम रहे वाहन चालकों को रोककर पूछताछ करनी शुरू की तो कई लोग दूध लेने का तो कई लोग दवाई का बहाना बनाते देखे गए। आज सुबह पुलिस कप्तान नवनीत भसीन रेलवे स्टेशन से फूलबाग होते हुए शिंदे की छावनी पहुंचे जहां उन्होंने कई वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करवाई। लॉकडाउन का पालन कड़ाई से हो इसके लिए पुलिस कप्तान द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और बुधवार को सुबह 8 बजे से ही कप्तान श्री भसीन सड़कों पर आकर सुरक्षा व्यवस्था को देखा। आज सुबह पुलिस कप्तान नवनीत भसीन शिंदे की छावनी पहुंचे तो सब्जी के ठेले खड़े थे जो गलियों में भाग गए। श्री भसीन दलबल के साथ थाटीपुर, मुरार सहित कई क्षेत्रों में निरीक्षण कर दुपहिया वाहनों पर दो-दो सवारी जाते दिखी, पूछताछ के दौरान वह कोई ठोस जवाब नहीं दे सके तो वाहनों को जब्त कराकर थाने में खड़ा करा दिया।
दूधियों के भी हुए चालान
पुलिस कप्तान ने निर्देशित किया है कि सुबह 9 बजे से पहले जो लोग घर-घर जाकर दूध बेचते हंै उन्हें लॉकडाउन के दौरान निकलने दिया जाए और चालानी कार्रवाई नहीं की जाए, लेकिन नदी गेट पर ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों द्वारा सुबह 7 बजे से ही चेकिंग शुरू कर दी गई और जो लोग घर-घर जाकर दूध सप्लाई करते हैं उनके भी चालान काट दिए गए जिससे उन्होंने नाराजगी जताई।