कोरोना पॉजीटिव मिले इलाके पुलिस ने किये सील

Apr 08 2020

ग्वालियर। शहर के चार क्षेत्रों में रहने वाले चार लोग  कोरोना पॉजीटिव पाए गए। पुलिस ने एहतियात के चलते तीन इलाके सील कर दिए है। यहां से ना तो किसी को बाहर जाने दिया जा रहा है और ना ही अंदर आने दिया जा रहा है। दूघ जैसी जरूरी सुविधाएं भी बाहर से दिया जा रहा है। इन इलाकों में आने और जाने के सभी रास्तों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिससे संक्रमण ना फैले। चौथे क्षेत्र सिंधिया नगर को सील नहीं किया गया है। क्योंकि कोरोना पॉजीटिव मरीज यहां पर नहीं आया था और उसे मोहना से ही आइसोलेट कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस अब कोरोना पॉजीटिव मरीज के संपर्क में आने वालों की तलाश में लग गई है, जिससे इन्हें भी क्वॉरेटाइन किया जा सके। 
कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद से ही पुलिस ने सत्यदेव नगर, न्यू विजय नगर और ढोलीबुआ का पुल इलाका सील कर पुलिस का पहरा लगाकर पूरा इलाका आइसोलेटेड में बदल दिया है और यहां पर आने जाने वालों पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। यहां पर आने और जाने वालों की पूरी पड़ताल की जा रही है। साथ ही पता लगाया जा रहा है कि इस दौरान पॉजीटिव मरीज कितने लोगों के संपर्क में आए थे। जिससे कोरोना का वायरस ना फैले और लोग संक्रमित ना हों। 
सत्यदेव नगर निवासी महिला कोरोना पॉजीटिव मिलने पर पुलिस ने इस इलाके में आने वाले मेन रास्ते पर बैरिकेड्स लगाकर आना ओर जाना बंद करा दिया है। सत्यदेव नगर में आने और जाने का सिर्फ एक ही रास्ता है। यहां पर तैनात जवान मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे थे और यहां पर पहुंचने वाली जरूरी सामान दूध जैसी जरूरी सामान को भी बैरीकेड्स के बाहर से ही देने की अनुमति दे रहे थे। साथ ही लोगों को लाउण्ड स्पीकर से पुलिस टीम कोरोना संपर्क में आने पर जानकारी देने के निर्देश दे रही थी।
न्यू विजय नगर में आने जाने के लिए दो रास्ते है। इन दोनों रास्तों पर पुलिस अफसर और जवान तैनात है। यहां से वे ना तो किसी को अंदर जाने दे रहे थे और ना ही किसी को बाहर आने दे रहे थे। स्वयं थाना प्रभारी मोबाइल से गश्त कर लोगों को बाहर ना आने और संक्रमित मरीज के संपर्क में आने पर जानकारी देने के लिए सभी को निर्देशित किया जा रहा था। 
यहां पर पुलिस ने कोरोना संक्रमित मरीज की गली तो दोनों तरफ से लॉक किया था। दोनों ही रास्तों पर बैरिकेड्स लगाकर आने जाने को रोक दिया था। वहीं पूरे इलाके में पुलिस टीम लोगों को घरों में रहने तथा कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आने पर जानकारी देने और स्वास्थ्य में किसी भी परेशानी के लिए जरूरी नंबरों का वितरण लाउण्ड स्पीकर से कर रही थी। 
सिंधिया नगर में हालात सामान्य थे और लोग बेरोकटोक आ जा रहे थे, पुलिस ने इस इलाके को सील नहीं किया है। क्योंकि जो मरीज कोरोना संक्रमित था, वह यहां तक पहुंच ही नहीं पाया था और उसे मोहना से ही लि ट कर क्वारेटाइन किया गया था। हालाकि पुलिस की मोबाइल इस इलाके में गश्त कर रही थी और लोगों को घर की लक्ष्मण रेखा पार ना करने की हिदायत दे रही थी। जरूरी सामान भी इस इलाके में आसानी से पहुंच रहा था। 
प्रशासन की टीम भी पहुंची 
पुलिस द्वारा इन न्यू विजय नगर, सत्यदेव नगर और ढोलीबुआ का पुल इलाको को लॉक करने के बाद प्रशासनिक टीमें भी यहां पर पहुंच गई हैं और लगातार लाउड स्पीकर से लोगों को घरों में रहने के निर्देश के साथ ही डॉक्टरों की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। साथ ही जानकारी साझा करने के लिए लोगों को नंबर दिए जा रहे हैं, ताकि किसी अन्य मेें कोरोना संक्रमण की संभावना पर त्वरित उपचार कराया जा सके और संदेही को आइसोलेटेड किया जा सके। 
दहशत में लोग, घरों में हुए बंद
बीएसएफ जवान को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद लोग दहशत में हैं और अब अपने घरों में बंद हो गए हैं। पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है, सिर्फ पुलिस की दो मोबाइल लगातार लाउड स्पीकर पर लोगों को बचाव के लिए एनाउस करती या फिर इलाके में पुलिस और प्रशासनिक अफसर ही नजर आ रहे हैं। पुलिस द्वारा समझाइश के बाद से ही  न्यू विजय नगर, सत्यदेव नगर और ढोलीबुआ का पुल इलाके सूने हो गए हैं और कोई भी घरों से बाहर नहीं आ रहे हैं। जो लोग बाहर जा रहे हैं वे आपातकालीन सेवाओं से जुड़े हुए हैं। 
चेतकपुरी टेकनपुर में मरीज निगेटिव
चेतकपुरी और टेकनपुर में कोरोना पॉजीटिव मिले मरीजो की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आ गई है, लेकिन पुलिस ने अभी भी पहरा नहीं हटाया है और हर आने जाने वाले की पूरी पड़ताल की जा रही है। जिससे इस वायरस पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके। पुलिस ने यहां पर आवागमन रोकने अंदर प्रवेश करने वाले इलाकों में पुलिस का पहरा बिठाया हुआ है।