बैंकें खुलने से पहले पहुंचे हितग्राह

Apr 07 2020






ग्वालियर। भैया मेरे खाते में देख लो रुपए आए या नहीं, क्योंकि कई दिनों से घर में राशन नहीं होने के चूल्हा बुझा पड़ा है। गैस सिलेंडर भी खत्म हो गया है और नंबर लगाने के बाद डिलेवरी तो आई लेकिन पैसे नहीं थे, इसलिए वापस हो गया। यह कहना था मंगलवार सुबह फूलबाग स्थित बैंक के बाहर लाइन में खड़ी सावित्री देवी का। कोरोना वायरस जैसी महामारी के दौरान जहां लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है तो वहीं दूसरी ओर बैंकों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस संकट की घड़ी में गरीबों की मदद करते हुए जन-धन खाते में 500-500 रुपए डाल रहे हैं। कई खातों में रुपए आ गए हैं जिन्हें निकालने के लिए बैंकों में भीड़ लगी है। मंगलवार की सुबह शहर की अधिकांश बैंक और क्योस्क सेंटरों पर जन-धन खाता खुलवाने वालों की भीड़ लगी थी और बैंक कर्मचारी व अधिकारी कई बार भीड़ में खड़े लोगों को समझाइश दे रहे थे कि वह दूरी बनाकर रखें, लेकिन भीड़ में शामिल लोग सुनने को तैयार नहीं थे। जन-धन खाते में रुपए आए हैं या नहीं इसके लिए सबसे ज्यादा हितग्राही पहुंच रहे हैं।
दो दिन बाद खुली बैंकें
सरकार द्वारा जन-धन खाते में 500-500 रुपए की राशि डाली जा रही है, जिसके चलते हितग्राहियों की भीड़ मंगलवार सुबह से ही बैंकों के बाहर लगी हुई है। इसका मु य कारण यह भी है कि मंगलवार को बैंकें दो दिन बाद खुली हैं। रविवार को शासकीय छुट्टी और 6 अप्रैल को महावीर जयंती होने के कारण बैंकों में ताले लटके थे। मंगलवार को आलम यह था कि बैंकें भले ही सुबह 10 बजे खुली लेकिन हितग्राही सुबह 6 बजे से ही पहुंचना शुरू हो गए थे।
नहीं हुआ सोशल डिस्टेंस का पालन
मंगलवार की सुबह बैंकों के बाहर ग्राहकों की भीड़ इस तरह लगी थी कि कई जगह जाम की स्थिति निर्मित हो गई। भीड़-भाड़ होने के कारण सोशल डिस्टेंस का पालन भी नहीं हो रहा था। बैंकों के बाहर भीड़भाड़ होने की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाइश देती रही लेकिन जो हितग्राही बैंकों के बाहर खड़े थे वह सुनने को तैयार नहीं थे।
शहर के हदयस्थल महाराज बाड़े पर भारतीय स्टेट बैंक के बाहर लंबी कतारें सुबह 8 बजे से ही लगनी शुरु हो गई और 11 बजे तक यह कतारें सुभाष मार्केट के आगे तक पहुंच गईं। फूलबाग स्थित बैंक के बाहर भी हितग्राहियों की भीड़ लगी हुई थी जिसके कारण सड़कों पर निकलने वाले वाहन रुक गए। फूलबाग चौराहे पर चैकिंग कर रही पुलिस मौके पर पहुंची हितग्राहियों को सड़क से हटाया। शब्द प्रताप आश्रम के पास भी यही हाल रहा तो वहीं श्रीराम पैलेस के पीछे एसबीआई के कियोस्क सेंटर पर भी भीड़ होने के कारण पुलिस को परेशान हो रही है।
इसलिए लग रही हितग्राहियों की भीड़
बैंकों के बाहर पैसे निकालने के लिए हितग्राहियों की भीड़ इसलिए बढ़ रही है कि कुछ लोगों ने हितग्राहियों से कहा है कि दो दिन में अगर रुपए नहीं निकाले तो वापस चले जाएंगे, जबकि यह कोरी अफवाह है। पंजाब नेशनल बैंक के सराफा बाजार शाखा में पदस्थ पप्पू वर्मा का कहना है कि ऐसा नहीं है। यूको बैंक नया बाजार में पदस्थ नवल शुक्ला का कहना है कि हितग्राहियों को गुमराह किया जा रहा है।
इस माह रहेंगी 7 दिन बैंकें लॉक
ग्वालियर। लॉकडाउन के चलते बैंकों का समय बदल गया है और सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बैंकों में लेनदेन हो रहा है। इस अप्रैल माह में 8 दिन तक बैंकों में ताले लटके रहेंगे और बैंकों में लेनदेन नहीं होगा, इसकी शुरुआत 10 अप्रैल से लगातार 3 दिन बैंकें बंद रहेंगी, वहीं शनिवार-रविवार मिलाकर इस बार 7 दिन बैंकों में कारोबार नहीं होगा, जिसके चलते उपभोक्ताओं को नेटबैंकिंग, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग के भरोसे रहना पड़ेगा।
कब-कब रहेंगी बैंकें बंद
10 अप्रैल गुड फ्राइडे, 11 अप्रैल दूसरा शनिवार, 12 अप्रैल रविवार, 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, 19 अप्रैल रविवार, 25 अप्रैल चौथा शनिवार और 26 अप्रैल रविवार।