सीवर की गंदगी बाहर, लोग घरों में कैद

Apr 03 2020

ग्वालियर। इन दिनों जबकि कोरोना के डर से दहशत का माहौल है, इससे बचाव के लिए शहर में लॉकडाउन तक कर दिया गया है, हर रोज शहर में बाजारों, चौराहों, गली, मोहल्लों में जहां नगर निगम और प्रशासन का अमला रात-दिन सेनेटाइजेशन में जुटा है, ऑन कॉल भी इस कार्य को अंजाम दिया जा रहा है, अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं, वरिष्ठ अधिकारी बैठकें कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुराना छावनी गांव में बीते चार दिन से सीवर जाम है और अब हालात यह हैं कि लोगों के घरों में यह गंदगी प्रवेश कर गई है, जिससे उनका घरों में रहने के साथ ही खाना-पीना तक दूभर हो गया है, लोग घर से निकल तक नहीं पा रहे।
पहले ही कोरोना से दहशतजदा लोग अब और अधिक परेशान हैं। इन्हे गंदगी से दिक्कत तो है ही साथ ही इन्हे अब बीमारी का भय भी सताने लगा है। इनके द्वारा इसकी शिकायत भी नगर निगम के द तर के साथ क्षेत्रीय अधिकारी से की  लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं। यदि यहां के हालात को गंभीरता से नहीं लिया गया तो फिर इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
वैसे तो अमृत योजना के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं और इसके तहत वाटर व सीवर का काम होना है, लेकिन नगर निगम इसके प्रति कितनी चिंतित है, यह अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुरानी छावनी में एक किलोमीटर के क्षेत्र में सीवर साफ न होने के कारण चार दिन से चेंबर उफन रहे हैं, कुछ जगह तो चेंबरों पर ढक्कन तक नहीं हैं और इसमें भरी गंदगी सड़क और गली मोहल्लों में फैल रही है। लोग घरों तक से नहीं निकल पा रहे। इन्हे दरवाजे बंद कर घरों में कैद रहना पड़ रहा है, लेकिन गंदा पानी घर में प्रवेश कर परेशानी उत्पन्न कर रहा है।