महिला ने फांसी लगाकर दी जान

Mar 30 2020

ग्वालियर। बच्चों को सोता छोड़कर एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र के सत्यनारायण की टेकरी इलाके में सोमवार की है। घटना का पता उस समय चला जब बच्चे जागे तो महिला फांसी पर लटकी दिखी। मां को फंदे पर लटके देखकर बच्चों ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। 
इंदरगंज थाना क्षेत्र के सत्यनारायण की टेकरी निवासी बच्चू सिंह पाल सब्जी व्यवसायी हैं। सोमवार की तड़के वह सब्जी खरीदने चला गया था और उसके घर से जाते ही उसकी 35 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी पाल ने साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। वारदात का पता उस समय चला जब मृतका की बड़ी बेटी खुशबू की नींद खुली तो लक्ष्मी फंदे पर लटकी दिखी। मां को फंदे पर लटका देखकर खुशबू ने शोर मचाया। शोर सुनते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया। 
बताया गया है कि मृतका लक्ष्मी के तीन बच्चे हैं, जिनमेें सबसे बड़ी बेटी खुशबू, उससे छोटा बेटा रामबाबू पाल और सबसे छोटी बेटी परी है। घटना का पता चलते ही मृतका का भाई रामभजन तथा अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे और पति पर परेशान करने के आरोप लगाया। रामभजन का कहना था कि मृतका का पति बच्चू सिंह उसे प्रताडि़त कर मारपीट करता था।