दाल बाजार में सिर्फ थोक दुकानें खुलेंगी

Mar 30 2020

ग्वालियर। दाल बाजार में थोक की दुकानें ही खुलेंगी और अगर खेरिज किराना बेचा तो एफआईआर दर्ज कराने में देरी नहीं की जाएगी। दाल बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं और सोमवार को सुबह तहसीलदार पाण्डेय ने दाल बाजार में पहुंचकर खेरिज की एक दर्जन से ज्यादा दुकानों के शटर डंडे के बल पर गिरवा दिए। व्यापारियों ने इसका विरोध किया तो तहसीलदार का कहना था कि फुटकर के लिए शहर की दुकानें खुली हैं। फुटकर कारोबार होने से डिस्टेंस खत्म हो रहा है और भीड़ बढऩे से परेशानी होगी। शहर को 21 दिन के लिए लॉकडाउन किया गया है जिसके चलते सड़कों पर सन्नाटा दोपहर 12 बजे के बाद पसर जाता है। प्रशासन द्वारा जरूरत का सामान लोग खरीद सकें इसके लिए सुबह 6 से 12 बजे तक दुकानें खुलने की अनुमति दी गई है। दाल बाजार में सबसे ज्यादा भीड़ किराने की दुकानों पर हो रही है। भीड़ बढऩे के कारण डिस्टेंस खत्म हो रहा है और लोग एक-दूसरे के बगल में खड़े होकर खरीदारी कर रहे हैं। सुबह दाल बाजार में जैसे ही खरीदारों की भीड़ बढऩा शुरू हुई तो पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दाल बाजार का निरीक्षण किया और खेरिज की दुकानों को डंडे के बल पर बंद करा दिया। इंसीडेंट कमांडेंड शिवानी पाण्डेय का कहना था कि दाल बाजार में सिर्फ थोक की दुकानें ही खुलेंगी। अगर खेरिज की दुकानें खुलीं तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
लोडिंग-अनलोडिंग के लिए लगी भीड़
दाल बाजार में भीड़ न लगे इसके लिए पुलिस इंदरगंज चौराहे पर खड़े होकर निजी वाहनों को जाने से रोक रही है लेकिन इसके बाद भी दाल बाजार में हर रोज भीड़ बढ़ती जा रही है। रविवार को दाल बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं थीं और खरीदार ाी नहीं पहुंचे थे, आज सोमवार को खरीदारी करने के लिए सबसे ज्यादा भीड़ थी, जिसके चलते लोडिंग-अनलोडिंग करने वालों की भीड़ लगी रही।
दुकानें नहीं खुलीं तो सड़क पर बेचा दूध
दूध का कारोबार करने वाले दूधिए ग्रामीण क्षेत्र से दूध लेकर तो आ रहे हैं लेकिन दुकानें नहीं खुलने से इनकी परेशानी बढ़ रही है। यह दूधिए दुकानों के बाहर टंकी रखकर सस्ते दामों में दूध बेचकर जा रहे हैं। आलम यह है कि सड़क पर दूधियों के बैठने से जाम की स्थिति बन रही है। प्रशासन द्वारा दूध का कारोबार करने वालों को राहत दी गई है लेकिन कई दुकानदार अपनी दुकानें नहीं खोल रहे हैं। सोमवार को सुबह माधौगंज और सोहन डेयरी बंद होने के कारण दूधियों को 30 से 35 रुपए लीटर में दूध बेचना पड़ा, यही हाल छत्री बाजार में भी रहा।