सब्जी मंडी में नहीं लॉकडाउन का असर

Mar 30 2020

ग्वालियर। कोरोना वायरस एक-दूसरे के संपर्क में आने से बढ़ता है, इसे देखते हुए लॉकडाउन किया गया है जिससे लोग घरों से बाहर नहीं निकलें और एक-दूसरे के स पर्क में नहीं आएं। प्रशासन द्वारा लॉकडाउन के चलते जरूरत का सामान उपलब्ध कराने के लिए सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक बाजार खोलने का आदेश दिया है और सब्जी मंडी में तो रात से ही खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो रही है। पुलिस ने सब्जी कारोबारियों और ग्राहकों को समझाया भी था लेकिन इसका असर इन पर दिखाई नहीं दे रहा है। लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए लोगों की भीड़ इस कदर लगी है कि वह एक-दूसरे के बगल-बगल में खड़े हैं और इन्हें अपनी जान की परवाह भी नहीं है। कई लोग तो बिना मास्क लगाए ही सब्जी खरीदने पहुंच रहे हैं। शहर की सबसे बड़ी सब्जी मंडी में लॉकडाउन का असर देखने को नहीं मिल रहा है और लोग अपनी जान की परवाह भी नहीं कर रहे हैं। मंडी में भीड़ बढऩे के बाद प्रशासनिक अधिकारी मंडी कमेटी के सचिव और पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाती रही लेकिन इसका असर नहीं हुआ।                     
खेरिज मंडी में लटके ताले
लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी में थोक का कारोबार कारोबारी कर सकें और खेरिज कारोबारी अनाज मंडी के पास बनाई गई नई मंडी में अपना कारोबार करें, इसकी हिदायत मंडी कमेटी द्वारा दी गई है लेकिन खेरिज मंडी में दुकानदारों के नहीं पहुंचने से ताले लटके रहे।