एसपी की पहल पर गरीबों को कराया भोजन

Mar 29 2020

ग्वालियर। कोरोना वायरस की गंभीर आपदा से निपटने के लिए चिंतित पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गरीब बेसहारा लोगों को भोजन कराने का बीड़ा उठाया है। उनकी पहल पर स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से ग्रुप बनाकर चार-पांच दिन में करीब 19 हजार लोगों को भोजन कराया जा चुका है। दुनिया इस समय कोरोना वायरस नामक महामारी से जूझ रहीहै। ग्वालियर शहर में भी इस बीमारी के दो मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं।
लॉकडॉउन के कारण शहर में गरीब और बेसहारा लोग भी फंसे हुए हैं। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त कर शहर की स्वयंसेवी संस्थाओं का एक फूड फॉर नीडी ग्रुप बनाया है, जिसमें महिला बाल विकास अधिकारी से लेकर उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी और जवानशामिल हैं। संस्था द्वारा प्रतिदिन पांच हजार भोजन के पैकेट तैयार करने के बाद उन्हें बांटा जा रहा है। स्वयं पुलिस अधीक्षक श्री भसीन सुबह से लेकर रात तक सक्रिय हैं। शहर भर में पुलिस उद्घोषण कराकर भीड़ न लगाने और आवश्यक सामान की पूर्ति के लिए एक-एक व्यक्ति को आने-जाने दे रही है, लेकिन जहां लोग समूहों में खड़े होकर भीड़ इकटठी कर रहे हैं, वहां पुलिस कार्रवाई करने से भी नहीं चूक रही है। शहर के दाल बाजार में भीड़-भाड़ को रोकने के लिए गाडिय़ां बाहर ही रुकवा दीं, जिससे दाल बाजार को संकट की स्थिति से बचा लिया गया। पुलिस अपने स्तर पर लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं कर रही है।