घरों पर हो रहा पूजन आरती कर कहा, महामारी से दिलाओ निजात

Mar 28 2020

ग्वालियर। कोरोना वायरस जैसी महामारी से देश जूझ रहा है और इसका असर आमजनमानस के साथ-साथ भगवान पर भी पड़ा है। लोगों के दुख दर्द और संकट हरने वाले भगवान के दरवाजों पर भी ताले लटके हुए हैं और भक्तों को मंदिरों में प्रवेश नहीं मिल रहा है। मंदिरों में पूजा-पाठ पुजारी कर ताले बंद कर रहे हैं जिससे लोग घरों पर ही सिंह वाहिनी मां दुर्गा की आराधना करते हुए मनोकामना मांग रहे हैं। जगतजननी की आरती करते हुए शहरवासी इस कोरोना वायरस से निजात के लिए पूजा-पाठ और दुर्गा सप्तमी का पाठ भी कर रहे हैं।
चैत्र नवरात्रि 25 मार्च से शुरु हो गए और शनिवार को नवरात्रि का चौथा दिन है। नवरात्रि पर जहां मंदिरों में सैकड़ों लोग दर्शन करते हुए मनोकामनाएं मांगने के लिए जाते है और मेले भरे जाते हैं लेकिन इस बार कोरोना वायरस जैसी महामारी के चलते प्रशासन ने आमजन को बीमारी से बचाने के लिए मंदिरों को बंद करा दिए हैं। मंदिरों में ताले लटके होने के कारण भक्तों की परेशानी बढ़ गई है। नवरात्रि का व्रत रखने वाले भक्त सुबह मंदिरों में पहुंचकर बंद पट के दर्शन कर वापस आ रहे हैं तो घरों में भी पूजा अर्चना करते हुए समय व्यतीत किया जा रहा है। लोहिया बाजार में  कारोबार करने वाले वैभव सिंघल का कहना है कि वह हर वर्ष नवरात्रि पर शहर के सभी मंदिरों में दर्शन करने के लिए जाते हैं और दान-पुण्य करने के लिए स्टॉल भी लगाते हैं लेकिन इस वर्ष मंदिर बंद होने के कारण घर में ही पूजा-अर्चना करना पड़ रही है। मातारानी से प्रार्थना कर रहे हैं कि इस महामारी से जल्द से जल्द निजात दिलाएं जिससे लोगों का कारोबार चल सके और देश की अर्थव्यवस्था सुधर सके।