घरों में हुई गणगौर की पूजा, सोलह शृंगार कर मांगी पति की दीर्घायु

Mar 27 2020

ग्वालियर। 16 शृंगार कर माता गणगौर की पूजा अर्चना कर पति की दीर्घायु की कामना महिलाएं कर रही हैं। शुक्रवार को सुबह से ही गणगौर उत्सव का आयोजन किया गया और गणगौर पूजा करने के लिए घरों में व्यंजन बनाए गए। शुक्रवार को महिलाएं सुबह से ही उपवास रखकर पति की दीर्घायु की कामना करते हुए 16 शृंगार कर माता गणगौर की पूजा अर्चना करते हुए परिवार की खुशहाली और पति की दीर्घायु की कामना कर रही थी। कोरोना वायरस के चलते मंदिरों में होने वाले आयोजन नहीं हो रहे हैं जिसके कारण घरों में सुबह से ही गणगौर की पूजा की जा रही है और ब्राह्मण कथा सुना रहे हैं। माहेश्वरी समाज की महिलाओं द्वारा बिरलानगर में सामूहिक पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तो वहीं बहोड़ापुर स्थित लक्ष्मी मंदिर में भी गणगौर की पूजा की जाती है लेकिन कोरोना वायरस के चलते मंदिरों में ताले लटके हुए हैं। प्रशासन के आदेश के बाद माहेश्वरी समाज की महिलाओं ने निर्णय लिया है कि घरों में भी महिलाएं एकत्रित होकर पूजा कर रही हैं।
गणगौर माता की पूजा अर्चना करने के लिए घरों में सुबह से ही व्यंजन बनाए जा रहे हैं। बेसन के पकवान भी बन रहे हैं जिससे गणगौर की पूजा कर दान-पुण्य किया जाए।
नहीं लगेगा मेला
सनातन धर्म मंदिर में गणगौर मेले का आयोजन किया जाता है। इस गणगौर मेले में केवल महिलाओं को ही प्रवेश मिलता है लेकिन लॉकडाउन के चलते इस आयोजन को नहीं करने का निर्णय लिया गया है। सनातन धर्म मंदिर में गणगौर पूजा और मेला नहीं भरने से महिलाएं उदास हैं और वह घरों पर ही गणगौर माता की पूजा की गई।
मिट्टी के बनाए गणगौर
गणगौर पर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की जाती है। भगवान शिव को गण और माता पार्वती को गौरा के रूप में मानकर गणगौर की पूजा होती है। कई घरों में मिट्टी की गणगौर तैयार की गई हैं तो अधिकांश घरों में मिट्टी के बर्तन बनाने वाली महिलाओं ने घरों पर पहुंचा दिया है। गणगौर की पूजा के बाद पूजन सामग्री यहां ले आएंगी।