बैंक चालू, नहीं कर पा रहे ट्रांजेक्शन

Mar 27 2020

ग्वालियर। लॉकडाउन में जिला प्रशासन ने दूध, किराना, सब्जी की दुकानें खोलने का समय सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे रखा है, इसके बाद आवाजाही बंद कर दी जाती है, वहीं बैंकों के खुलने का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे का है, ऐसे में व्यापारी दुकान बंद करने के बाद राशि जमा करने बैंक जा रहे हैं जब तक आवाजाही बंद हो जाती है। ऐसे में व्यापारी लेन-देन नहीं कर पा रहे हैं। वहीं कई व्यापारी से रुपए जमा करने जा रहे हैं तो वहां भी रुपए जमा नहीं हो पा रहे हैं इससे कारोबारी परेशान हैं कि हर रोज होने वाली दुकानदारी की रकम कहां रखें। घर में व्यापारी रकम रखने से घबरा रहे हैं और दुकानों पर छोड़ नहीं सकते हैं, क्योंकि चोर, बदमाशों का भय बना रहता है।
किराने का कारोबार करने वाले रमेश कुमार का कहना है कि लॉकडाउन में व्यापारी सुबह 6 से 12 बजे तक कारोबार कर रहे हैं इसके बाद सामान समेटने में समय लगता है जब तक शहर की आवाजाही बंद कर दी जाती है। कई बैंकें व्यापारियों के रुपए जमा करने में आनाकानी कर रही हैं। रुपए जमा नहीं होंगे तो सामान कैसे मंगाएंगे। दाल बाजार के तेल कारोबारी दिलीप पंजवानी का कहना है कि कारोबारियों को बैंक में रुपए जमा करने के लिए छूट मिलनी चाहिए।
एटीएम सूने, नहीं पहुंच रहे लोग
लॉकडाउन होने से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और घर से बाहर निकलने वालों के खिलाफ पुलिस एक्शन लेने में देरी नहीं करती, जिसके चलते जिनको रुपए की जरूरत है वह भी एटीएम मशीनों पर नहीं पहुंच रहे हैं। बैंक अधिकारियों की मानें तो एटीएम मशीनों से ट्रांजेक्शन आधे से कम रह गया है। यूको बैंक के अधिकारी नवल शुक्ला ने बताया कि पहले एटीएम मशीन में एक दिन में 3 से 4 बार रुपए भरे जाते थे लेकिन अब 2 दिन में एक बार ही भरे जा रहे हैं।
ऑनलाइन पेमेंट बढ़ा
बाजार बंद होने के कारण लेनदेन प्रभावित हो गया है और लोग एटीएम मशीन पर जाने के बजाए ऑनलाइन पेमेंट ज्यादा कर रहे हंै। बंैक कर्मचारियों का कहना है कि फोन-पे, गूगल-पे, अमेजन, भीम, पेटीएम से पेमेंट ज्यादा हो रहा है।