भीड़भाड़ से बचाने के लिए पुलिस रही तैनात दाल बाजार में ऑटो, लोडिंग को मिली एंट्री

Mar 27 2020

ग्वालियर। लॉकडाउन के चलते आमजन को जरूरत के सामान के लिए परेशान नहीं होना पड़े इसे देखते हुए प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक दूध, किराना, सब्जी और फलों की दुकानें खोलने का फरमान दिया है। दाल बाजार में मची अफरा-तफरी के बाद शुक्रवार की सुबह से ही पुलिस अधिकारी सतर्क नजर आए और उन्हीं कारोबारियों को दाल बाजार में जाने दिया जो थोक में दुकान से बेचने के लिए किराने का सामान लेने आए थे। फुटकर में किराना लेने वालों को यह कहते हुए वापस कर दिया कि अपने आसपास की दुकानों से ही खरीदारी करें।
दाल बाजार में थोक किराने का कारोबार होता है और सैकड़ों लोगों की भीड़ लगने से प्रशासन परेशान हो गया था जिसके चलते व्यापारी और प्रशासन के बीच बैठक हुई, जिसमें तय किया गया कि दाल बाजार में सिर्फ उन्हीं को प्रवेश मिलेगा जो दुकानों से सामान बेचते हैं। जो कारोबारी लोडिंग, ऑटो व अन्य वाहन लेकर आए उन्हें तो प्रवेश मिल गया जो लोग दुपहिया वाहन से खेरिज में किराना लेने पहुंचे उन्हें पुलिस ने इंदरगंज चौराहे से ही वापस कर दिया।
व्यापारियों से पुलिस ने सुबह ही आग्रह किया था कि वह दुकानों के बाहर भीड़ न लगाएं और डिस्टेंस बनाकर रखें जिससे लोग पास-पास में खड़े न हो सकें। व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर गोले बनाए गए थे इसके बाद भी कई लोग दुकानों के पास एकत्रित हो गए। पुलिस ने जब दुकानों पर भीड़ देखी तो समझाइश दी और पास-पास खड़े वाहनों को डंडे के बल पर हटवा दिया, जो लोग वाहनों को नहीं हटा रहे हैं पुलिस उन पर कार्रवाई कर रही है।
दाल बाजार के अंदर भीड़ न जुट सके इसके लिए 50 जवानों को तैनात किया गया है और तीन अधिकारी व्यवस्था संभाले हुए हैं। शुक्रवार सुबह 5.30 बजे से पुलिस लाइन से जवान दाल बाजार पहुंच गए थे इसके साथ ही ट्रैफिक डीएसपी नरेश अन्नोटिया, सीएसपी झांसी रोड, कोतवाली थाना प्रभारी और इंदरगंज थाना प्रभारी भी तैनात थे। दाल बाजार में प्रवेश इंदरगंज चौराहे से दिया जा रहा था और वापसी नया बाजार चौराहे से की जा रही थी। गलियों से लोग निकलकर दाल बाजार न पहुंच पाएं इसके लिए हर गली में दो सिपाही थे।
सब्जी मंडी के सुधरे हालात
लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी में हर रोज सब्जी खरीदने के लिए लोगों की भीड़ रहती है जिससे परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों के बीच दूरी नहीं बन पा रही थी, पुलिस ने शुक्रवार को इसके लिए विशेष इंतजाम किए और सब्जी बेचने वालों को ही जाने दिया गया। सड़क पर सब्जी रखने वालों को हटा दिया और गोले भी बनवाए जिससे परेशानी नहीं हुई।
प्रशासन द्वारा शहर के एक दर्जन से ज्यादा किराना स्टोरों को अधिकृत किया है जो ऑनलाइन सामान भेजेंगे। प्रशासन ने इसके लिए जगह-जगह सूची चस्पा की है और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है। कई लोग जो घरों से नहीं निकलना चाहते हैं वह ऑनलाइन राशन मंगा रहे हैं।
लॉकडाउन में लोगों को राहत देते हुए शहर के थोक व खेरिज बाजार खोल दिए गए हंै और लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। बिग बाजार में शुक्रवार की सुबह खरीदारी करने लोग पहुंचे तो पहले हाथ साफ कराए गए इसके बाद प्रवेश दिया गया। यह व्यवस्था प्रशासन द्वारा अधिकृत की गईं दुकानों पर रही। इसके साथ ही होम डिलेवरी की जा रही है।
दूध की दुकानों पर रही भीड़
दूध की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारी करने लोगों की भीड़ लगी रही। बारिश होने के कारण लोग परेशान तो रहे लेकिन बाजार बंद होने के भय से वह सुबह बरसते पानी में पहुंच गए। दूध विक्रेताओं ने भी भीड़भाड़ से बचने के लिए इन्हें कतार लगाकर खड़ा कराया और दूध की बिक्री की।
पशुओं को कराया भोजन
लोगों की चिंता तो सभी कर रहे हैं लेकिन सड़क पर विचरण करने वाले गायों और कुत्तों की परवाह सामाजिक संस्था के लोग कर रहे हैं। जीवाजी क्लब के सदस्य हिमेश दंडोतिया ने शुक्रवार सुबह गाय और कुत्तों को बिस्किट, रोटी खिलाईं।