12 बजते ही शटर डाउन, सड़कों पर पसरा सन्नाटा

Mar 26 2020

ग्वालियर। कोरोना जैसी महामारी से आम जनमानस को सुरक्षित रखने के लिए 21 दिन का लॉकडाउन किया गया है, जिसके चलते सड़कों पर सन्नाटा है। प्रशासन द्वारा आमजनमानस को जरूरत का सामान उपलब्ध कराने के लिए सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति दी थी। घड़ी की सुई में दोपहर जैसे ही 12 बजे तो पुलिस ने दुकानें बंद कराना शुरू कर दिया, साथ ही 11 बजे से एनाउंस करना शुरू कर दिया कि जरूरत का सामान लेकर सीधे घर में कैद हो जाएं। प्रतिष्ठान बंद होते ही व वाहनों के पहिए थमने से सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रशासन और पुलिस को किसी भी तरह की मशक्कत नहीं करनी पड़ रही है।
समय पर सब्जी बेचने घटाए दाम
गुरुवार को लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी में किसानों को  सब्जी बेचने के लिए परेशान नहीं होना पड़े, इसे देखते हुए पुलिस सुबह से ही सतर्क बनी हुई थी। बीते रोज हुई मारामारी के बाद लक्ष्मीगंज मंडी में विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे ग्राहकों व किसानों को राहत रही। शहर में स्थित छत्री बाजार और मुरार सब्जी मंडी में भी ग्राहकों की भीड़ सब्जी खरीदने के लिए लगी रही। लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी में तड़के 4 बजे से जो किसान सब्जी लेकर आए वह समय रहते खत्म करने के लिए सस्ते दामों में बेचकर चले गए। इस दौरान ग्राहकों से पुलिस आग्रह भी कर रही थी कि वह एक साथ खड़े न हो। मंडी में अधिकतर ठेले वालों को ही जाने दिया गया।