कोरोना से बचाव के लिये शहर किया लॉकडाउन

Mar 23 2020

ग्वालियर। कोरोना से जंग लडऩे शहर को लॉकडाउन किया गया है, जिसके चलते व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखा है और अपने घरों में कैद हैं, जिन्हें बहुत ही जरूरी है वह ही घर से निकल रहे हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। गली- मोहल्लों में भी अगर इक्का-दुक्का दुकानों को छोड़ दिया जाए तो यहां भी लोगों ने स्वेच्छा से अपने कारोबार को बंद रखा है। आलम यह है कि जो लोग चाय या नाश्ते के शौकिन हैं वह आज भटकते हुए नजर आ रहे हैं।
कोरोना वायरस से जनमानस को सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रशासन ने 3 दिन तक बाजार को बंद रखने के लिए कहा है और शहरवासियों से अपील की है कि वह अपने घरों से बाहर नहीं निकलें। प्रशासन के इस आदेश को लोगों ने स्वेच्छा से स्वीकार करते हुए अपने कारोबार को बंद रखा है, जिससे जिन बाजारों में हर रोज सैकड़ों की भीड़ रहती थी वहां सन्नाटा पसरा है। शहर के प्रमुख बाजार महाराज बाड़ा, टोपी बाजार, दौलतगंज, सराफा बाजार, मुरार का सदर बाजार, हजीरा चौराहा, थाटीपुर जैसे इलाकों में सड़कें सूनी हैं और दुकानें बंद हैं। कुछ लोग दुकानों के बाहर बैठकर बतियाते हुए दिखाई दिए जिन्हें पुलिस ने घर के अंदर रहने का आग्रह किया।                
डंडे के बल पर खदेड़े मजदूर
परिवार का पालन पोषण करने के लिए हर रोज मेहनत मजदूरी करने वाले मजदूर सोमवार को महाराज बाड़ा, टाउनहॉल के नीचे एकत्रित हो गए। पुलिस ने सैकड़ों की सं या में बैठे मजदूरों को हटाने के लिए पहले एनाउंस किया फिर भी नहीं हटे तो पुलिस ने डंडे के बल पर इन्हें खदेड़ दिया। टाउनहॉल से मजदूरों को खदेड़ा तो वह सराफा बाजार, टोपी बाजार और मोर बाजार में जाकर बैठ गए। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर खुली दुकानों को भी बंद करा दिया और ऑटो चालकों से कहा कि वे वाहनों को घर पर ही खड़ा करें।           
किराने की दुकानों पर भीड़
शहरवासियों को जरूरत की चीजों के लिए परेशान नहीं होना पड़े, इसे देखते हुए प्रशासन ने दूध, मेडिकल स्टोर, सब्जी की दुकानें खुली रखने के लिए कहा है।  सुबह किराने की दुकानें खुल गईं, जैसे ही दुकानों के शटर खुले तो खरीदारों की भीड़ भी लग गई। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगने से दुकानदारों ने भी जरूरत के सामान के दाम बढ़ा दिए। सुबह सबसे ज्यादा भीड़ दूध की दुकानों पर लगी रही। दूध की दुकानें वैसे तो दिनभर खुलना है लेकिन लोगों में भय बना हुआ था। ग्वालियर दुग्ध संघ ने भी सप्लाई सुबह ही कर दी।                          
 सब्जी व फल खरीदने पहुंचे ग्राहक
लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी में सब्जी  खरीदने के लिए रात से ही ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया था और दूरदराज से आने वाले किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सब्जी  लेकर आ गए। सब्जी  मंडी में आलम यह था कि हर रोज से ज्यादा खरीदारों की भीड़ नजर आ रही थी और दुकानदार भी मनमाने दाम वसूल रहे थे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जरूरत की चीजों पर कोई पाबंदी नहीं लगाई जाएगी लेकिन इसके बाद भी लोगों में भय बना है कि कहीं सब्जी  के लिए तरसना न पड़े। सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ को देखकर किसानों और आढतियों ने मनमाने दाम वसूलना शुरू कर दिए हैं। एकाएक सब्जियों के दामों में महंगाई का तड़का लगने से लोगों को परेशानी का सामना तो करना पड़ रहा है लेकिन सब्जी मिलना बंद न हो जाए इस भय से वह महंगी सब्जी भी खरीद रहे हैं। लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी, बिरला नगर सब्जी  मंडी, छतरी बाजार सब्जी  मंडी, मुरार सब्जी  मंडी में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ लगी है।
गली-मोहल्लों में पहुंचे ठेले 
सुबह से ही गली-मोहल्लों में हाथ ठेले से सब्जी और फल बेचने वाले पहुंचे जिससे लोगों को राहत रही। कई लोग तो इकट्ठी सब्जी  लेने के लिए मंडी पहुंच गए लेकिन जो लोग थोड़ी-थोड़ी सब्जी खरीदते हैं वह इन ठेलों से सब्जी खरीदते दिखाई दिये।