बंदर को लगा करंट, नहीं पहुंचे अधिकारी

Mar 18 2020

ग्वालियर। बिजली के खंभे पर करतब कर रहा एक बंदर बुधवार की सुबह करंट लगने से झुलस गया। बंदर के झुलसते ही वह खंभे से नीचे गिर गया। स्थानीय लोगों ने बंदर को एक तरफ उठाकर बैठाया और इसकी सूचना चिडिय़ाघर प्रबंधन को दी, लेकिन चिडिय़ाघर प्रबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी बनी रही।
 बुधवार की सुबह राम मंदिर चौराहे पर आधा दर्जन बंदर मंदिर के आसपास चहलकदमी कर रहे थे, इस बीच एक बंदर बिजली के पोल पर चढ़ गया तभी अचानक उसे करंट लग गया और बिजली के खंभे में तारों की स्पार्किंग होने से वह झुलस कर नीचे गिर गया।
राहगीरों ने देखा तो तुरंत ही उसकी देखरेख में लग गए और इसकी सूचना नगर निगम के चिडिय़ाघर अधिकारियों को दी, लेकिन चिडिय़ाघर के अधिकारी सुध लेने ही नहीं पहुंचे। ललित जैन ने बताया कि उन्होंने चिडिय़ाघर के अधिकारी व पशु चिकित्सक डॉ. उपेंद्र यादव, गौरव परिहार को कई बार सूचना दी, लेकिन कोई भी नहीं आया। राम मंदिर के आसपास रहने वाले लोग एकत्रित हो गए और नाराजगी जताते हुए पुलिस नियंत्रण को भी खबर दे दी। डायल 100 में तैनात जवानों ने भी चिडिय़ाघर प्रबंधन को इसकी सूचना दी, लेकिन 3 घंटे तक कोई भी नहीं पहुंचा।