पांच हजार का इनामी हत्यारोपी पकड़ा

Mar 14 2020

ग्वालियर। उधार दिए पैसे मांगने पर साले व भतीजे ने लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने वाले आरोपी भतीजे को हजीरा थाना पुलिस ने छह माह बाद पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फरार दूसरे आरोपी का भी पुलिस को सुराग मिला है और आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस टीम रवाना हो गई है। पकड़े गए आरोपी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। 
सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया ने बताया कि हजीरा थाना क्षेत्र के ट्रिपल आईटीएम के सामने गुर्री सिंह की हत्या उसके साले राजेन्द्र सिंह और भतीजे शिवनासी ने उधार दिए रुपए मांगने पर लाठी-डंडों से मारपीट कर दी थी। हत्या के बाद से ही आरोपी फरार थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ रहे थे। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है, सूचना पर पुलिस टीम उसके घर पहुंची और उसे दबोच लिया। 
पुलिस को देखते ही आरोपी शिवनासी पास ही स्थित एक पेड़ पर जाकर छिप गया। पुलिस को उसके घर सहित आस-पास के घरों की तलाशी लेने के बाद भी जब उसका सुराग नहीं मिला तो टीआई हजीरा आलोक परिहार की नजर पेड़ के नीचे रखे जूतों पर गई तो उन्होंने पेड़ पर नजर डाली तो ऊपर पेड़ पर शिवनासी दिखाई दिया। नजर आते ही पुलिस जवानों को पेड़ पर चढ़ाया और आरोपी को दबोच लिया। 
पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पुलिस को राजेन्द्र का सुराग भी मिल गया है, आरोपी का सुराग लगते ही पुलिस की एक टीम राजेन्द्र को दबोचने के लिए रवाना कर दी है। सूत्रों की माने तो जल्द ही आरोपी को पुलिस टीम दबोच लेगी। 
बताया गया है कि आरोपी और मृतक आपस में रिश्तेदार है और कुछ समय पूर्व गुर्री सिंह से आरोपियों ने बीस हजार रुपए उधार लिए थे। जिसमें से पंद्रह हजार रुपए वे वापस कर चुके थे और घटना वाले दिन गुर्री सिंह अपने रुपए लेने आया था और वहीं पर उनका विवाद हो गया था और राजेन्द्र और शिवनासी ने उसकी हत्या कर दी थी।