कंटेनर की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, एक घायल

Mar 13 2020

ग्वालियर। बेटी को पुत्र रत्न की प्राप्ति पर बच्चों के साथ नवासे को देखकर वापस जा रहे पिता-पुत्र की बाइक को तेज र तार आ रहे कंटेनर चालक ने लापरवाही और तेजी से चलाते हुए टक्कर मार दी। हादसा मोहना थाना क्षेत्र स्थित डाडा हनुमान मंदिर के पास हाइवे का है। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर घायल हो गया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद घायल को उपचार के लिए भेजकर मृतकों के शव पीएम हाउस भेज दिए हैं।
श्योपुर निवासी दयाल बंजारा खेती किसानी करता है। उसके परिवार में दो बेटे गिर्राज और दिनेश तथा एक बेटी द्रोपदी है। द्रोपदी का विवाह हुकुमगढ़ में किया था। कुछ दिन पहले द्रोपदी को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। पुत्र रत्न की प्राप्ति पर वह नवासे को देखने के लिए बेटे गिर्राज (18) और छोटे बेटे दिनेश बंजारा तथा छोटे भाई के बेटों के साथ आया था। नवासे को देखने के बाद वह बाइक से लौट रहे थे। एक बाइक पर दयाल अपने दोनों बेटों गिर्राज तथा दिनेश के साथ सवार था। अभी वह डाडा हनुमान मंदिर के पास पहुंचे थे कि तभी सामने से आ रहे कंटेनर चालक ने लापरवाही से चलाते हुए रांग साइड आकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दयाल तथा गिर्राज हवा में उछले और कंटेनर के पहिए के नीचे आ गए, वहीं दिनेश दूसरी तरफ गिर गया। हादसे में दयाल और गिर्राज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिनेश गंभीर घायल हो गया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही आरोपी वाहन वहां से भाग निकला। पुलिस ने घायल दिनेश को उपचार के लिए भेज कर मृतक पिता-पुत्र के शव पीएम हाउस भेज दिए हंै।