युवक ने परीक्षा से एक दिन पहले डिप्रेशन में फांसी लगाकर जान दी

Mar 02 2020

ग्वालियर। दसवीं कक्षा के छात्र ने परीक्षा से एक दिन पहले डिप्रेशन में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर लाइन नंबर 13 में सोमवार सुबह की है। घटना का पता चलते ही परिजन छात्र को फंदे से उतार कर अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है।
हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर लाइन नंबर 13 में रहने वाला सुमित गुर्जर (18) पुत्र रामबरन गुर्जर दसवीं कक्षा का छात्र है और मंगलवार से उसके बोर्ड एग्जाम हैं। सोमवार सुबह सुमित की मां संगीता बड़ी बहन तनीशा को बारहवीं की परीक्षा दिलाने गई थी, जबकि सुमित घर पर था। इसी बीच सुमित ने दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। हादसे का पता उस समय चला जब सुमित की मां ने उसे फोन लगाया तो उसका फोन रिसीव नहीं हुआ, फोन रिसीव ना होने पर संगीता ने मकान मालिक बाबू सिंह को घर पर भेजा। जब बाबू सिंह अंदर पहुंचे तो सुमित फांसी के फंदे से झूल रहा था। उसे तुरंत फंदे से उतार कर अन्य पड़ोसियों की मदद से अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुमित पबजी गेम खेलने का आदी था और देर रात तक पबजी खेलता था। साथ ही पता चला है कि सुमित इकलौता बेटा था और कुछ साल पहले उसके पिता का देहांत हो चुका है। 
बीमारी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान
थाटीपुर थाना क्षेत्र के भीम नगर निवासी कमल राजौरिया (42) पुत्र रामस्वरूप राजौरिया पेशे से ड्राइवर है और टे पो चलाता है। वह घर पहुंचे और अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब कमल की मां किसी काम से उसके कमरे में आई तो वह फंदे पर लटका हुआ था। बेटे को फंदे पर लटके देखकर उसने शोर मचाया तो आस-पास के लोग वहां पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस पहुंचाया।
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक की पत्नी व बच्चे किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और कमल दोपहर से ही शराब पी रहा था, जिसके चलते वह कार्यक्रम में नहीं गया था और वह कैंसर की बीमारी से पीडि़त था।