आदर्श रामलीला समिति की रामलीला 5 मार्च से, आज 2 मार्च को होगा रामलीला के लिए भूमिपूजन

Mar 01 2020

ग्वालियर। आदर्श रामलीला समिति द्वारा 5 मार्च से 11 मार्च तक रामलीला का मंचन रामलीला स्थल जिंसी नाला नं. 1 शिवाजी मार्ग पर किया जाएगा। रामलीला के समापन अवसर पर 11 मार्च को भगवान श्रीराम का चल समारोह भी निकाला जाएगा। आदर्श रामलीला के लिए भूमिपूजन आज सोमवार 2 मार्च को जिंसी नाला पर महामंडलेश्वर श्रीश्री 108 दंदरौआ महाराज रामदास करेंगे। वहीं सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। यह जानकारी आदर्श रामलीला समिति के अध्यक्ष हरीओम नागपाल, झंग बिरादरी के अध्यक्ष जगदीश अरोरा, पंजाबी सेवा समिति के अध्यक्ष मोहनलाल अरोरा ने संयुक्त रुप से दी। पत्रकारों से चर्चा करते हुए समिति के सदस्यों ने बताया कि आस्था विश्वास व अनूठी परंपरा के साथ युवाओं को संस्कार देने के लिए आदर्श रामलीला का मंचन झंग बिरादरी द्वारा किया जाता है। भारत और पाकिस्तान के विभाजन से पहले पाकिस्तान के जिला झंग के रसिकपुर में 115 वर्ष पहले झंग बिरादरी द्वारा नाटय मंचन प्रारंभ हुआ था और विभाजन के बाद से ही आदर्श रामलीला का मंचन लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 5 मार्च से रामलीला प्रारंभ होगी जो 11 मार्च तक चलेगी और 11 मार्च को भगवान श्रीराम के चल समारोह के साथ रामलीला का समापन होगा। यह चल समारोह फालका बाजार, राम मंदिर, दौलतगंज बाड़ा, सराफा, पाटनकर बाजार होता हुआ जिंसी नाले पर रामलीला स्थल पर समाप्त होगा। इस दौरान झंग बिरादरी के लोग होली भी खेलेंगे। पत्रकारवार्ता के दौरान डॉ. नंदलाल बत्रा ने बताया कि समाज में धार्मिक प्रवृत्ति जागे समाज में सामजस्य बिठाने के लिए झंग बिरादरी रामलीला आयोजित करती है और 100 वर्षों से ज्यादा समय से झंग बिरादरी रामलीला आयोजित करती आ रही है। पत्रकारवार्ता में पूर्व अध्यक्ष सतपाल बत्रा, रवि बत्रा, उमेश अरोरा, दुष्यंत साहनी, भरत कथुरिया, बलवंत मदान, प्रमोद पाहवा, देवेंद्र अरोरा, जगन्नाथ अरोरा, कश्मीरीलाल खुराना और मीडिया प्रभारी राजू पंडित उपस्थित थे।